Back to Books
Cover image of संतान के प्रति कर्तव्य

संतान के प्रति कर्तव्य

Format TEXT Language HINDI
SCAN TEXT
Please go to your device settings and ensure that the Text-to-Speech engine is configured properly. Download Hindi or the required language voice data for the best listening experience.

Reading: बच्चों के स्वास्थ्य की समस्याएँ · Page 8

बच्चों के स्वास्थ्य की समस्याएँ

च्चों की उन्नति का रहस्य उत्तम स्वास्थ्य ही है । उत्तम स्वास्थ्य की नींव बचपन से ही रखी जाती है । स्वास्थ्य से हमारा अभिप्राय यह है कि बच्चे की पाचन क्रिया दुरुस्त हो तथा मलोत्सर्ग की प्रणलियाँ अच्छी तरह निज कार्य करती रहें । उनके शरीर में स्फूर्ति रहे, कार्य में मन लगे, उनके हृदय में आशा, उत्साह तथा मुख पर मधुर मुस्कान रहे, आत्मा स्वच्छंद हो, मस्तिष्क तथा ज्ञानेन्द्रियाँ पवित्र और विकसित रहें ।

स्वास्थ्य का सर्वप्रथम नियम है कि बच्चों को जल्दी सोने तथा जल्दी जागने की आदत डाली जाए । यह कठिन है किन्तु धीरे-धीरे अभ्यास से यह आ सकती है । भारत जैसे देश का प्रात:कालीन समय बौद्धिक विकास, मौलिक अध्ययन एवं चिन्तन मनन के लिए बहुत उत्तम है।

दाँतों की सफाई दूसरा प्रधान कार्य है । टूथ पाउडर या दाँतुन की धीरे-धीरे आदत डालनी चाहिए । तत्पश्चात तेल की मालिश के साथ स्नान करना चाहिए । शरीर त्वचा का रंग साफ हो जाता है तथा शारीरिक शक्ति की वृद्धि होती है । नास्ते में दूध मीठे फल आदि उत्तम हैं । यथा सम्भव भोजन पौष्टिक दिया जाए, चाय की आदत न डाली जाय । बचपन में ही सिगरेट की गन्दी आदत पड़ती है जिसकी ओर से सावधान रहें । शरीर ओर मस्तिष्क की पूर्ण स्वच्छता, रहने के स्थान और उसके इर्द-गिर्द के वायु मण्डल की स्वच्छता, सुखाद्य और पौष्टिक भोजन, फल, हरी तरकारियाँ स्वास्थ्य बनाने में सहायक होते हैं ।

व्यायाम की आदत प्रारम्भ से ही डालनी चाहिए अन्यथा बच्चों में आलस्य, मोटापन, निकम्मापन, झींकना, दु:खी रहना इत्यादि दुर्गुण आ जाते हैं । व्यायाम के अनेक उपाय हो सकते हैं । जैसे-खेल-कूद, भागना, तैरना, पेड़ों पर चढ़ना कुस्ती, अंग्रेजी डम्बल या भारतीय यौगिक व्यायाम । उन्हें गहरी साँस लेना सिखलाइये । वे नित्य समय पर स्नान करें, मालिश किया करें । ऐसा प्रयत्न करें कि व्यायाम उनके लिए बोझ न बन जाय वरन वे उसे मनोयोग पूर्वक करें । श्वाँस सम्बन्धी कसरतें अति उत्तम होती हैं । बलपूर्वक, श्वाँस-प्रश्वाँस की क्रिया की अपेक्षा तेज चलने, धीरे-धीरे दौडने से ह्रदय और फेंफड़ों को बहुत लाभ पहुँचता है ।

बच्चों को समय-समय पर नये-नये स्थान, बाग, सरिता के तट पर या स्वथ्य स्थानों पर टहलने के लिए ले जाया कीजिए । शुद्ध वायु में रखने से उनकी बाढ़ ठीक रहेगी । स्फूर्ति से टहलना चाहिए । छुटिट्यों में घर से बाहर ले जाने से बच्चों की परिस्थिति एवं वातावरण में परिवर्तन हो जाता है ।

यदि किसी व्यायामशाला में जाने की सुविधा हो तो मालिश करना आसानी से आ सकता है । मालिश एक उत्तम व्यायाम है । त्वचा की क्रिया को ठीक रखने के लिए शुष्क घर्षण या स्नान के समय गीले वस्त्र से बदन रगडना त्वचा को स्वथ्य रखता है । सुविधानुसार मालिश कराते रहें ।

बच्चे स्वभावत: कुछ न कुछ करते रहते हैं । वे निश्चेष्ट नहीं बैठ सकते । इसलिए आपकी चतुरता और कला इस बात में है कि उनके लिए कुछ ऐसे मनोंरजन कार्य खोज निकालें, जिसमें उनकी शक्तियाँ लग सकें और कुछ उपयोगी कार्य भी हो सके । वे कार्य के भूत होते हैं । उनकी इस उत्पादक शक्ति को कार्य में लाने में ही भलाई है । अधिक कार्य करने से उनकी गुप्त उत्पादक शक्तियों का विकास होता है