• News
  • Blogs
  • Gurukulam
English हिंदी
×

My Notes


  • TOC
    • प्राक्कथन
    • नवरात्र साधना का तत्वदर्शन
    • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
    • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
    • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
    • शक्ति भंडार से स्वयं को जोड़ कर तो देखें
    • गुरुतत्त्व की गरिमा एवं महिमा
    • महायज्ञों का स्वरूप व उद्देश्य
    • दुर्गति ओर सद्गति का कारण, हम स्वयं
    • सुसंस्कारी बनाए, कैसी हो वह शिक्षा?
  • My Note
  • Books
    • SPIRITUALITY
    • Meditation
    • EMOTIONS
    • AMRITVANI
    • PERSONAL TRANSFORMATION
    • SOCIAL IMPROVEMENT
    • SELF HELP
    • INDIAN CULTURE
    • SCIENCE AND SPIRITUALITY
    • GAYATRI
    • LIFE MANAGEMENT
    • PERSONALITY REFINEMENT
    • UPASANA SADHANA
    • CONSTRUCTING ERA
    • STRESS MANAGEMENT
    • HEALTH AND FITNESS
    • FAMILY RELATIONSHIPS
    • TEEN AND STUDENTS
    • ART OF LIVING
    • INDIAN CULTURE PHILOSOPHY
    • THOUGHT REVOLUTION
    • TRANSFORMING ERA
    • PEACE AND HAPPINESS
    • INNER POTENTIALS
    • STUDENT LIFE
    • SCIENTIFIC SPIRITUALITY
    • HUMAN DIGNITY
    • WILL POWER MIND POWER
    • SCIENCE AND RELIGION
    • WOMEN EMPOWERMENT
  • Akhandjyoti
  • Login
  • TOC
    • प्राक्कथन
    • नवरात्र साधना का तत्वदर्शन
    • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
    • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
    • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
    • शक्ति भंडार से स्वयं को जोड़ कर तो देखें
    • गुरुतत्त्व की गरिमा एवं महिमा
    • महायज्ञों का स्वरूप व उद्देश्य
    • दुर्गति ओर सद्गति का कारण, हम स्वयं
    • सुसंस्कारी बनाए, कैसी हो वह शिक्षा?
  • My Note
  • Books
    • SPIRITUALITY
    • Meditation
    • EMOTIONS
    • AMRITVANI
    • PERSONAL TRANSFORMATION
    • SOCIAL IMPROVEMENT
    • SELF HELP
    • INDIAN CULTURE
    • SCIENCE AND SPIRITUALITY
    • GAYATRI
    • LIFE MANAGEMENT
    • PERSONALITY REFINEMENT
    • UPASANA SADHANA
    • CONSTRUCTING ERA
    • STRESS MANAGEMENT
    • HEALTH AND FITNESS
    • FAMILY RELATIONSHIPS
    • TEEN AND STUDENTS
    • ART OF LIVING
    • INDIAN CULTURE PHILOSOPHY
    • THOUGHT REVOLUTION
    • TRANSFORMING ERA
    • PEACE AND HAPPINESS
    • INNER POTENTIALS
    • STUDENT LIFE
    • SCIENTIFIC SPIRITUALITY
    • HUMAN DIGNITY
    • WILL POWER MIND POWER
    • SCIENCE AND RELIGION
    • WOMEN EMPOWERMENT
  • Akhandjyoti
  • Login




Books - गुरुवर की धरोहर (द्वितीय भाग)

Media: TEXT
Language: HINDI
SCAN TEXT SCAN SCAN SCAN


कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?

Listen online

View page note

Please go to your device settings and ensure that the Text-to-Speech engine is configured properly. Download the language data for Hindi or any other languages you prefer for the best experience.
×

Add Note


First 2 4 Last


(कल्प साधना सत्र 1981 के महत्वपूर्ण उद्बोधन)

गायत्री मंत्र साथ-साथ,

ॐ भूर्भुवः स्वः तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि

धियो यो नः प्रचोदयात् ।

कल्प साधना के लिए आप सभी यहां शांतिकुंज आए हैं। कल्प आखिर है क्या? जिसके लिए हमने आपको यहां बुलाया है। कल्प का अर्थ होता है-परिवर्तन। आपको बदलने का हमारा मन है। आप यदि अभी तक दुःखी जीवन जीते रहे हैं तो सुखी जीवन जिएं। आप बीमार जीवन जीते रहे हैं तो स्वस्थ जीवन जिएं। आप यदि गुत्थियों से उलझा हुआ जीवन जीते रहे हैं तो अब हंसता-हंसाता जीवन जिएं। यदि घिनौना, कमजोर और उपेक्षित जीवन जीते रहे हैं तो अब ऐसा शानदार जीवन जिएं कि जिसको देखकर आपका भी जी बाग-बाग जो जाए और जो कोई बाहर इसे देख पाए, उसकी भी खुशी का ठिकाना न रहे। ऐसा ही आपके जीवन में कायाकल्प करने का हमारा मन था। आपने हमारे विचारों को पढ़ा होगा और उसी से प्रभावित होकर यहां आए हैं। आइए अब विचार करें कि यह कैसे संभव होगा? इसके लिए क्या करना पड़ेगा? इन सारे प्रश्नों पर गंभीरता से हम और आप विचार करें।

आमतौर से कल्प साधना के बारे में यह भ्रम फैला हुआ है कि कल्प माने बूढ़े से जवान हो जाना, पर यह एक भ्रांति है। बूढ़े को जवान होना संभव नहीं है क्योंकि यह प्रकृति के नियमों के विरुद्ध है। प्रकृति के नियमों को कोई बदल नहीं सकता। सूर्य पूर्व से निकलता है और पश्चिम में डूबता है। ऐसा हो सकता है कि सूर्य पश्चिम से निकले और पूर्व में डूबा करे। भगवान ने प्रकृति के नियमों को ऐसा बना दिया है कि वे अपने स्थान पर यथावत रहेंगे और जब वे बने थे तब से और जब तक सृष्टि रहेगी, तब तक बने रहेंगे। इसलिए बूढ़े आदमी का जवान होना नामुमकिन है। पुराणों में कथाएं तो हैं, पर मालूम नहीं वे कहां तक ठीक हैं। आपने च्यवन ऋषि की बात सुनी होगी जो बूढ़े थे और जवान हो गए थे। आपने राजा ययाति की कहानी भी सुनी होगी कि बेटे की जवानी लेकर वह बूढ़े से जवान हो गए थे।  लोगों ने कोशिशें तो की हैं, यूरोप में भी बहुत प्रयत्न हुए हैं-वृद्धों को जवान बनाने के लिए। पर सफलता नहीं मिली। स्टालिन रूस का अधिनायक था। उसको बंदर की ग्रंथियां काट-काट कर लगाई और कोशिश की गई कि वह फिर से जवान हो जाए, पर ऐसा नहीं हो सका। प्रकृति से लड़ाई लड़ना नामुमकिन है। किसी को यह आशा नहीं करनी चाहिए कि हमारा बूढ़ा शरीर जवान बन जाएगा, पर हां यह आशा हम-आप में से हर व्यक्ति कर सकता है कि कमजोरी और बीमारी जो हमने-आपने बुलाकर रखी है, उसको इन्कार कर दें और यह कह दें कि हम आपको अपने यहां रखने की स्थिति में नहीं हैं, कृपा करे आप चली जाइए। इनको हम भगा सकते हैं, क्योंकि ये प्राकृतिक नहीं हैं।

जीवधारी पैदा होते हैं और मरते भी हैं, पर न कोई बीमार रहता है और न कोई कमजोर रहता है। जब कमजोरी आती है तो मौत के मुंह में चले जाते हैं। भला कमजोर जीना कौन पसंद करेगा और ऐसी जिंदगी कौन पसंद करेगा जो बीमारियों से घिरी हुई हो। कमजोरी और बीमारियों से घिरा हुआ होना-यह प्रकृति के विरुद्ध है। इसको आप और हम हटा सकते हैं। शरीर के बारे में यहीं तक मुमकिन है और इससे आगे कुछ नहीं हो सकता। शरीर के कायाकल्प से अगर आप का मतलब हो और इसी ख्याल से अगर आप यहां आए हों तो कृपा करके यह बात नोट कर लीजिए शरीर के बारे में कि यह जो आपकी उमर है, वह आगे ही बढ़ेगी, पीछे की ओर घटेगी नहीं। जवान को तो बच्चा कैसे बना पाएंगे हम? बच्चे को मां के पेट में तो कैसे ढकेल पाएंगे? संभव नहीं है। आपकी उमर तो जरूर बढ़ेगी और आपके शरीर पर जो प्रभाव पड़ेगा, वह सब पड़ना ही चाहिए। लेकिन आपका स्तर बदल जाएगा। आकृति तो ज्यों की त्यों रहेगी, पर प्रकृति बदल जाएगी। प्रकृति को बदलना मुमकिन है। यदि आपकी प्रकृति बदल जाएगी तो परिस्थितियां भी बदल जाएंगी। जैसा कि आप सभी जानते हैं कि मनःस्थिति का ही नाम परिस्थिति है। मनःस्थिति अगर आदमी बदल ले तो परिस्थितियों के बदलने में कोई शक नहीं है। बस यही कायाकल्प है। इसी को हम कराना चाहते हैं।

आपके भीतर वाला माद्दा यदि बदल जाए तो आपके बाहर वाला जरूर बदल जाएगा। मनःस्थिति में हेर-फेर कर लें तो उसके अनुसार परिस्थितियां अपने आप बदल जाएंगी। इसलिए कल्प साधना से आपको जो यहां अर्थ लेना चाहिए, वह यह लेना चाहिए कि यहां जो आपसे कराया जाने वाला है या आपको जो करना है, या हम जो आपसे कराने के लिए दबाव डालेंगे तो सिर्फ इस बात का दबाव डालेंगे कि आपका भीतर वाला हिस्सा-जिसका अर्थ होता है मन, बुद्धि और चित्त, जिसका अर्थ होता है जीवात्मा, जिसका अर्थ होता है आपका दृष्टिकोण, चिंतन और चरित्र-बदल जाए। अगर इसे हम बदल दें तो आप विश्वास रखिए कि आपका जीवन, पिछले दिनों जैसा भी कुछ रहा है, भविष्य में वैसा रह ही नहीं सकता। आपने इतिहास पढ़ा होगा और आपको उन भक्तों के नाम याद होंगे जो पहले सामान्य स्थिति में गए-बीते थे, लेकिन जब उन्होंने मन, स्तर और दृष्टिकोण बदल दिया तो कितना कमाल हो गया। उनकी जिंदगी कैसी शानदार हो गई। अगर उन्होंने भीतर वाले हिस्से को अर्थात् दृष्टिकोण को बदला न होता तो बाहर वाली परिस्थितियां बिल्कुल मामूली आदमी के तरीके की रही होतीं।

इस संदर्भ में, मैं आपके सामने कुछ ऐसे आदमियों के नाम रखना चाहता हूं कि परिवर्तन कैसे होते हैं। शंकराचार्य को आप जानते हैं न। शंकराचार्य एक मामूली घर के लड़के थे। उनकी माता यह उम्मीद करती थी कि पढ़ाने के बाद में लड़के की शादी-ब्याह कर देंगे। बाल-बच्चे होंगे, नाती-पोते खिलाएंगे, लेकिन शंकर ने अपना दृष्टिकोण बदल लिया और मां से इन्कार कर दिया। उन्होंने अपने भावी लक्ष्य और भावी जीवन का एक स्वरूप बना लिया। यह स्वरूप उनका अपना बनाया हुआ था। यह दृष्टिकोण उन्होंने स्वयं बनाया था। कार्य पद्धति उन्होंने स्वयं बनाई। बाद में सहायता दूसरों ने भी की। शुरुआत तो उन्होंने ही किया। शंकराचार्य फिर क्या हुए? वे शंकर भगवान के अवतार माने जाते हैं। अगर आदि शंकराचार्य ने अपने दृष्टिकोण में हेर-फेर न किया होता तो फिर वही होता जो उनकी मां चाहती थीं। वे एक मामूली पंडित-पुरोहित होते, जन्म-पत्रियां बनाते फिरते, पूजा-पाठ कराते फिरते, बाल-बच्चे होते और गए-बीते स्तर के होते। पर जब दृष्टिकोण उन्होंने बदल दिया तो आदि शंकराचार्य हो गए।

हर आदमी को यह अधिकार मिला हुआ है कि वह चाहे जैसा बन जाए। भगवान ने हर आदमी को इस लायक बनाया है कि वह चाहे तो अपने आपको बदल दे। विवेकानंद की बात आपको मालूम है न। वे एक मामूली से विद्यार्थी थे। खास प्रतिभावानों में उनकी शुमार नहीं होती थी। घर की परिस्थितियां भी ऐसी थीं। पिताजी के मरने के बाद घर-गृहस्थी का वजन भी उन पर आ गया था। लेकिन यह सब होते हुए भी उन्होंने यह निश्चय किया कि अपने सोचने के तरीके, अपने दृष्टिकोण और अपने जीवन का लक्ष्य तथा उद्देश्य बदल देंगे। यही उन्होंने किया भी। जब इस बात का फैसला उन्होंने कर लिया तो रामकृष्ण परमहंस के साथ उनकी संगति हो गई। तो क्या रामकृष्ण परमहंस ने उनकी सहायता की? नहीं, ऐसा मत कहिए। रामकृष्ण परमहंस के लिए सहायता करना मुमकिन रहा होता, तो हजारों आदमी उनके पास आया करते थे और उनसे दीक्षा लेते थे। हजारों आदमी उनके शिष्य कहलाते थे, पर एक भी तो नहीं हुआ। केवल एक आदमी हुआ-विवेकानंद। तो क्या रामकृष्ण की कृपा एक पर ही थी? नहीं, असलियत यह नहीं है। उनकी सब पर कृपा बरसती थी पर उन्होंने अपने को बदला नहीं, जबकि विवेकानंद ने अपने आपको भीतर से बदल लिया। बदले हुए आदमी की कौन सहायता नहीं करेगा? आप जिस दिशा में भी, आगे बढ़ना चाहते हैं, उसमें सहायता करने वालों की दुनिया में कुछ कमी है क्या? विवेकानंद की भी सहायता हुई।

और किसकी सहायता हुई? सदन का नाम सुना है आपने कि वह कैसा आदमी था। कसाई का धंधा करता था, जानवर काटता था। पवित्र शालिग्राम पत्थर के बदले मांस तौल-तौल कर बेचता था। बेचता ईमानदारी से था। हर आदमी की दृष्टि में उसकी कीमत दो कौड़ी की थी। लेकिन जब उसने आपको बदल लिया, ईश्वरीय सत्ता से तादात्म्य बिठा लिया तो भगवान के ‘भक्तों’ में सदन कसाई मूर्धन्य हो गए। मनःस्थिति बदल जाने के बाद में परिस्थितियां क्यों नहीं बदलेंगी? पहले जिससे लोग नफरत करते थे, उसी को सब प्रणाम करने लगे। मस्तक झुकाने लगे और न जाने क्या-क्या करने लगे। बाल्मीकि का नाम आपने सुना है न, पहले उसकी कैसी जिंदगी थी पहले वे घटिया वाली, खराब वाली जिंदगी जी रहे थे। आदमी उससे भयभीत रहता था। हर आदमी का उस पर धिक्कार बरसता था, लेकिन जब उन्होंने अपने आपको बदल लिया तब वह संत बाल्मीकि हो गए, ऋषि बाल्मीकि हो गए। उनका जीवन इतना शानदार हो गया कि भगवान राम को अपनी धर्मपत्नी सीता की हिफाजत के लिए, उनकी गार्जियनशिप के लिए और कोई संत न दिखाई पड़ा। बाल्मीकि ही सीताजी द्वारा सुसंतति उत्पादन हेतु सबसे बड़े संत दिखाई पड़े। उनके आश्रम में भगवान राम ने अपनी पत्नी और बच्चों को सहर्ष रहने दिया ताकि उनका पालन-पोषण, संस्कार और शिक्षण ठीक ढंग से हो सके। वही बाल्मीकि जिनका पूर्व का जीवन दस्यु का था, उनका कायाकल्प हो गया। वे संत, ऋषि, देव पुरुष बन गए। वही कायाकल्प करने के लिए आप लोग यहां आए हैं। भीतर वाले को बदल दीजिए, फिर देखिए परिस्थितियां बदलती हैं कि नहीं।

हमने आपके सामने बाल्मीकि का उदाहरण पेश किया। अभी मेरा मन कुछ और उदाहरण पेश करने का है। आम्रपाली का नाम सुना होगा आपने। वह एक वेश्या थी जिसको हर आदमी ऐसे समझता था कि हम क्या कहें आपसे। उसने कितने आदमियों की जिंदगी खराब की थी। लेकिन जब उसने अपने आपको बदल दिया, तब फिर आम्रपाली आम्रपाली नहीं रही, वेश्या नहीं रही, वह भगवान बुद्ध की बेटी हो गई। सारे के सारे एशिया के अधिकांश देशों में वह घूमी। महिला संगठन की दृष्टि से उसने न जाने क्या से क्या कर डाला। कैसे हो गया यह सब? उसने अपने आपको बदल दिया और उसका कायाकल्प हो गया। कायाकल्प कैसे होगा? यही मैं आपको बताने वाला हूं, पर पहले आपको यह जान ही लेना चाहिए कि कायाकल्प भीतर से होता है। बाहरी शरीर के कायाकल्प से कोई मतलब नहीं है। आंतरिक कायाकल्प की विधा प्राचीन काल में भी रही है और अभी भी है तथा आगे भी रहेगी। इसी के लिए हमने आपको बुलाया है।

ध्रुव का नाम सुना होगा आपने, वह बिल्कुल एक सामान्य दर्जे के राजकुमार थे। राजाओं के ढेरों बच्चे होते हैं। एक को गोद में लिया और एक को गोद से उतार दिया। जरा सी परिवार की एक घटना। उससे ध्रुव ने अपने आपको बदल लिया। उन्होंने कहा-राजकुमार रहना नहीं है और यदि रहना ही होगा तो भगवान के राजकुमार क्यों नहीं रहेंगे। बस, भगवान का राजकुमार बनने का फैसला कर लिया उसने। दृढ़ निश्चयी की सहायता करने वाले कम हैं क्या? नारद जी आ गए और उनने उसकी सहायता की। नारद जी बाकी बच्चों, ध्रुव के भाई-बहनों के पास क्यों नहीं गए? उनने क्यों नहीं कहा? नहीं, नारद जी उनसे कह नहीं सकते थे, क्योंकि जो आदमी अपना निश्चय स्वयं करता है उसी की सहायता दूसरे करते हैं। आपने वह कहावत सुनी होगी-‘ईश्वर उन्हीं की सहायता करता है जो अपनी सहायता आप करते हैं।’ यह बात बिल्कुल सोलह आने सच है। प्रह्लाद का नाम जानते हैं न, अगर वह अपने दैत्य बाप के कहने पर चला होता और पुरानी परंपरा पर चला होता तो सिवाय दैत्य के क्या हो सकता था? बाप-दादे जो काम करते थे, वही काम प्रह्लाद भी करता। परंतु प्रह्लाद ने अपने आपको बदल दिया। इसी तरह गुरु नानक का नाम भी आपने सुना होगा। गुरु नानक के पिताजी मामूली सा व्यापार करते थे। वे चाहते थे कि उनका लड़का भी व्यापार करे। व्यापार के लिए एक बार पैसा भी दिया जिसे उन्होंने परमार्थ में खर्च कर डाला। बाप के कहने पर वे चले नहीं, उनकी बातें मानने से इन्कार कर दिया। मित्रों ने, पड़ोसियों ने भी कहा होगा, पर एक का भी कहना उन्होंने नहीं माना। अपने ईमान और भगवान का कहना मानने वाले नानक का क्या हो गया? देखा है न आपने कि सारे संसार में कितनी इज्जत है उनकी। सिक्ख धर्म में उन्हें भगवान मानते हैं। वे महान बन गए, पर अगर बाप की मर्जी पर चले होते तो पुराने ढर्रे पर ही गाड़ी लुढ़कती रही होती और वे बिल्कुल मामूली से आदमी होते और एक बनिए की दुकान कर रहे होते। ढेरों बच्चे पैदा करके मामूली आदमी के तरीके से जिंदगी बसर कर रहे होते। पर ऐसा नहीं हुआ। नानक का कायाकल्प हो गया। नानक संत हो गए, ऋषि हो गए, भगवान हो गए, अवतार हो गए।

शिवाजी की भी यही कहानी है। उनके पिताजी मिलिट्री में नौकरी करते थे। वे जैसे मामूली घर-गृहस्थी के बच्चे होते हैं, उसी तरह थे। यदि ढर्रे का जीवन जिया होता और उस ढर्रे से इन्कार न किया होता तथा अपने लिए कोई नया निर्धारण न किया होता या निश्चय न किया होता तो क्या आप विचार कर सकते हैं कि शिवाजी वैसे ही रहे होते जैसे कि हम उन्हें छत्रपति शिवाजी कहते हैं। यह कैसे हुआ? कायाकल्प हो गया। वह शिवाजी जो माता के पेट में से पैदा हुआ था, घर-गृहस्थी में गुजारा करता था, उसकी तुलना में महापुरुष शिवाजी की रूपरेखा बिल्कुल अलग है। इसी तरह चंद्रगुप्त का नाम आपने सुना होगा। चाणक्य ने उसके अंदर की कसक को देखा और उसे पढ़ लिया। उसकी पात्रता को देखा और उसके भीतर हो रहे मनःस्थिति के बदलाव को देखा। चाणक्य ने उसे क्या से क्या बना दिया। गांधी जी परिस्थिति से ऐसे ही थे क्या? उनके पिताजी एक छोटे स्टेट के दीवान थे। वह अपने लड़के को वकील बनाना चाहते थे। गांधी जी यदि उनके अनुसार चले होते तो एक मामूली वकील रहे होते। सफल या असफल-यह बात दूसरी है। पर सिवाय वकील के और कुछ नहीं हो सकते थे। लेकिन जब उन्होंने यह निश्चय किया कि हमको कुछ बनना है और जिंदगी का बड़ा उद्देश्य पूरा करना है, तो वे फिर महात्मा गांधी हो गए, अवतार हो गए, बापू हो गए और युग प्रवर्तक हो गए। लाखों आदमियों को दिशा देने वाले हो गए। आखिर यह हुआ कैसे? भगवान ने कर दिया क्या? नहीं! तो फिर भाग्य ने किया क्या? नहीं! तो फिर किसी आदमी ने किया होगा। नहीं! किसी ने भी नहीं किया। उन्होंने स्वयं अपना कायाकल्प कर लिया था। सहायता जरूर औरों ने की। सहायता का तो दुनिया में द्वार खुला है। बुरे लोगों के लिए भी सहायता का द्वार खुला है और अच्छे लोगों के लिए भी खुला है। गांधी जी के बाबत यही हुआ। बुद्ध के बारे में भी यही बात लागू होती है। बुद्ध भगवान क्या थे? एक मामूली राजा के लड़के थे। छोटी उम्र में विवाह-शादी कर दी गई थी। लेकिन जब उन्होंने यह निश्चय किया कि हमें बड़प्पन की दिशा में चलना है, कुछ महान कार्य करने हैं, तो बुद्ध का कायाकल्प हो गया और वे भगवान बुद्ध हो गए।

+++++++++++++++++++++++++++++++++++++

उपरोक्त पुराने उदाहरण मैंने इसलिए दिए हैं कि आप विचार कर सकें कि हमारा बदलना संभव है। चलिए आपका यह ख्याल हो शायद कि हम तो मामूली आदमी हैं। हमारी घिनौनी और गंदी जिंदगी रही है। जिसके कारण हम नहीं बदल पाएंगे और जिस ढर्रे पर हम चल रहे हैं, जिस कोल्हू में हम पिल रहे हैं, उसी में हम पिलते रहेंगे तो यह आपकी मर्जी के ऊपर है, अन्यथा मामूली और घिनौने आदमी तो और भी आसानी से बदल सकते हैं। यह आपकी मर्जी के ऊपर है कि आप चाहें तो इस तरीके से भी रह सकते हैं। जैसे कि अभी रह रहे हैं। लेकिन अगर आपका मन हो कि हमको बदल जाना चाहिए तो सूरदास का उदाहरण आपके सामने है। सूरदास कैसे आदमी थे? आप जानते हैं न। बिल्वमंगल का नाम सुना है न आपने। कैसी घिनौनी और कामुक जिंदगी थी उसकी। पर जब कायाकल्प हुआ तो अंधा होने के बाद में भगवान उन्हें अपनी लाठी पकड़ा कर ले जाते थे। तुलसीदास की भी पिछली जिंदगी ऐसी थी कि कामुकता से पीड़ित होकर उन्होंने मुर्दे पर सवार होकर नदी पार की थी। सांप की पूंछ पकड़कर छत पर चढ़ गए और अपनी धर्मपत्नी के पास पहुंचे थे। धर्मपत्नी ने यह कहा था कि जितना प्यार आप हमसे करते हैं, यदि उतना ही प्यार आप भगवान से करें, तो क्या से क्या हो सकता है? यह बात उनके मन में लग गई और लगने के बाद में उन्होंने अपने आपको बदल दिया। बदला हुआ जीवन तुलसीदास का आप जानते हैं न। रामायण को बनाने वाले उस तुलसीदास को आप जानते हैं जिनके बारे में प्रसिद्ध है कि ‘तुलसीदास चंदन घिसें, तिलक देत रघुवीर’।

भगवान राम तुलसीदास को चंदन लगाते हैं और श्रीकृष्ण भगवान सूरदास को लाठी पकड़ाकर साथ-साथ घूमते हैं। ऐसा हो सकता है क्या? हां हो सकता है और आपके लिए भी हो सकता है, यकीन रखिए। यकीन दिलाने के लिए ही हमने आपको यहां बुलाया है कि आप चाहें तो जरूर कर सकते हैं। यह कैसे होगा? इसमें दो आदमियों के सहयोग की जरूरत पड़ती है, अकेले आप नहीं कर पाएंगे। लेकिन कोई बाहर का आदमी अकेला आपकी सहायता करना चाहे तो वह भी मुमकिन नहीं है। आप प्रयत्न कीजिए हम आपकी सहायता करेंगे। मरीज को दवा खानी होती है और परहेज करना होता है। चिकित्सा करने वाला दूसरा आदमी होता है। हम आपकी चिकित्सा कर सकते हैं, लेकिन परहेज तो आपको ही करना पड़ेगा। दवा तो आपको ही खानी पड़ेगी। आपने देखा होगा कि अंडा किस तरीके से फूटता है। मुर्गी के पेट में से अंडा निकलता है। मुर्गी की दया न हो तो अंडा कहां से आए। जन्म लेने से पहले अंडे के भीतर रहने वाले बच्चे को मेहनत करनी पड़ती है और अपनी ताकत के हिसाब से अंडे को भीतर से तोड़ना पड़ता है। कोई और तोड़ने नहीं आता। आपने देखा होगा कि जब बच्चा बाहर आता है तो अंडे के भीतर बैठे उस चूजे को मेहनत करनी पड़ती है। अपनी ताकत से वह अंडे में दरार डालता है और फूट कर बाहर निकल पड़ता है। यह मेहनत उसकी अपनी है। अंडे को जन्म मुर्गी देती है, छाती से लगाकर पालती भी है, सेती भी है। यह सब काम मुर्गी का है, पेट में रहे हुए गर्भ को खुराक माता ने दी है। दूध माता ने ही पिलाया है, लेकिन पेट में से निकलने की ताकत, मेहनत तो पेट में रहने वाले बच्चे को ही करनी पड़ती है। अगर पेट में रहने वाला बच्चा इन्कार कर दे कि हम तो बाहर नहीं निकलते, धक्का-मुक्की नहीं करते, तब फिर ‘डिलीवरी’ नहीं हो सकती। बाहर निकलने के लिए पूरी की पूरी जिम्मेदारी उस बच्चे के ऊपर है जो पेट में बैठा हुआ है। प्रसव तो माता ही करती है, दर्द तो माता को ही होता है, पर जब तक बच्चे की ताकत, हुकूमत काम नहीं करती, उसके पहले या पीछे उसे जन्म नहीं दे सकती।

आपको अंडे के तरीके से अपना दायरा तोड़ना पड़ेगा, बच्चे के तरीके से बाहर तो निकलना पड़ेगा। आपको जो करना है, यही करना है कि आपके ऊपर जो केंचुली लगी हुई है, यदि आप उसे उतार देंगे तो आप सांप के तरीके से तोड़ते हुए चले जाएंगे। केंचुली लगा हुआ सांप कहां भाग पाता है। लोग पत्थर फेंकते रहते हैं, पर वह वैसे ही बैठा रहता है। केंचुली उतार दी तो न जाने कहां से कहां जा पहुंचता है। आप अपने पुराने कुसंस्कारों की केंचुली उतार दीजिए और नए रास्ते पर चलिए। पिंजरे से आप बाहर निकलें, पिंजरे से बाहर आपको ही निकलना है। हथकड़ियां और बेड़ियां तोड़ने के लिए मशक्कत करेंगे तो हम जरूर सहायता करेंगे। आप यकीन रखिए। सहायता करने के लिए ही तो हम बुलाते हैं आपको। हम आपको सहायता का यकीन दिलाते हैं, लेकिन अगर आप यह ख्याल करते हों कि केवल हमारी सहायता से आपकी समस्याएं हल हो जाएंगी, तो यह मुमकिन नहीं है। आप और हम मिलजुल कर कार्य करें। आप हमारा कहना मानें और हम आपके लिए मदद करें। अंधे और पंगे के तरीके से हम लोग मिलजुल कर नदी पार कर लें। तब परिस्थितियां भी ऐसी बदल जाएंगी कि मजा आ जाएगा।

कायाकल्प से हमारा मतलब यही था कि आपके लिए हम सहायता करेंगे कि आप बदल जाएं। आप पर हम दबाव डालेंगे कि जिस तरह की जिंदगी आप जीते रहे हैं, वह मुनासिब नहीं है। आपका जो स्वरूप अब तक का रहा है, वह आपके लिए मुनासिब स्वरूप नहीं है। हम आप पर दबाव डालने वाले हैं कि आप इस स्वरूप को आगे चलाने से इन्कार कर दें और एक काम करें कि ताकत लगाएं, कोशिश करें, जुर्रत करें, साहस इकट्ठा करें कि हमें अपनी जिंदगी को बदलना है। फिर आप देखिए हम आपकी पूरी-पूरी मदद करेंगे। विवेकानंद की सहायता रामकृष्ण परमहंस ने की थी। हम परमहंस तो नहीं हैं, पर आप यकीन रखिए कि आपकी सहायता हम उतनी ही कर सकते हैं और श्रेष्ठ व्यक्ति बना सकते हैं। आप तैयार हो जाइए। अगर आप तैयार हैं तो आप यकीन रखिए कि आपका जीवन बदल जाएगा और ऐसा शानदार जीवन बन जाएगा कि आप स्वयं तो अपने आप में आश्चर्य करेंगे ही, साथ ही जो कोई भी आपको यहां से जाने के बाद देखेगा, वह भी आश्चर्य करेगा। अगर आपको यह दावत स्वीकार हो तो फिर आप तैयार हो जाइए, हिम्मत कीजिए, उसके लिए संघर्ष कीजिए और अनुशासन पालने के लिए तैयार हो जाइए। फिर देखिए आपका भविष्य कैसे शानदार बनता है। कायाकल्प से हमारा उद्देश्य यही था और आपको भी कायाकल्प का यही उद्देश्य समझना चाहिए और अपनी तैयारी के लिए जो मुनासिब हो, वह करने के लिए कमर कसकर खड़े होना चाहिए।

ॐ शांतिः ।

First 2 4 Last


Other Version of this book



गुरुवर की धरोहर भाग-2
Type: SCAN
Language: HINDI
...

गुरुवर की धरोहर (द्वितीय भाग)
Type: TEXT
Language: HINDI
...

गुरुवर की धरोहर भाग-1
Type: SCAN
Language: HINDI
...

गुरुवर की धरोहर भाग-3
Type: SCAN
Language: HINDI
...

गुरुवर की धरोहर भाग-4
Type: SCAN
Language: HINDI
...


Releted Books



युगसंधि महापुरश्चरण और संकट निवारण
Type: TEXT
Language: HINDI
...

युगसंधि महापुरश्चरण और संकट निवारण
Type: TEXT
Language: HINDI
...

गर पूछे कोई मुझसे तो मैं कहूँ कि स्वर्ग बस यहीं है
Type: TEXT
Language: EN
...

गर पूछे कोई मुझसे तो मैं कहूँ कि स्वर्ग बस यहीं है
Type: TEXT
Language: EN
...

आध्यात्मिक कायाकल्प का विधि- विधान-२
Type: TEXT
Language: HINDI
...

भक्ति- एक दर्शन, एक विज्ञान
Type: TEXT
Language: HINDI
...

भक्ति- एक दर्शन, एक विज्ञान
Type: TEXT
Language: HINDI
...

भगवान को मत बहकाइए
Type: TEXT
Language: EN
...

भगवान को मत बहकाइए
Type: TEXT
Language: EN
...

युग कि मांग प्रतिभा परिष्कार भाग-२
Type: SCAN
Language: EN
...

युग कि मांग प्रतिभा परिष्कार भाग-२
Type: SCAN
Language: EN
...

मनस्थिति बदलें तो परिस्थिति बदले
Type: SCAN
Language: EN
...

मनस्थिति बदलें तो परिस्थिति बदले
Type: SCAN
Language: EN
...

प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया
Type: SCAN
Language: EN
...

प्रज्ञावतार की विस्तार प्रक्रिया
Type: SCAN
Language: EN
...

भाव संवेदना की गंगोत्री
Type: SCAN
Language: EN
...

युग यज्ञ पद्धति - दीप यज्ञ
Type: SCAN
Language: HINDI
...

युग यज्ञ पद्धति - दीप यज्ञ
Type: SCAN
Language: HINDI
...

सुनसान के सहचर
Type: SCAN
Language: EN
...

सुनसान के सहचर
Type: SCAN
Language: EN
...

महिलाओं की गायत्री साधना
Type: SCAN
Language: EN
...

महिलाओं की गायत्री साधना
Type: SCAN
Language: EN
...

गायत्री की गुप्त शक्तियाँ
Type: SCAN
Language: EN
...

संत विनोबा भावे
Type: SCAN
Language: HINDI
...

Articles of Books

  • प्राक्कथन
  • नवरात्र साधना का तत्वदर्शन
  • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
  • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
  • कैसे हो आध्यात्मिक कायाकल्प?
  • शक्ति भंडार से स्वयं को जोड़ कर तो देखें
  • गुरुतत्त्व की गरिमा एवं महिमा
  • महायज्ञों का स्वरूप व उद्देश्य
  • दुर्गति ओर सद्गति का कारण, हम स्वयं
  • सुसंस्कारी बनाए, कैसी हो वह शिक्षा?
Your browser does not support the video tag.
About Shantikunj

Shantikunj has emerged over the years as a unique center and fountain-head of a global movement of Yug Nirman Yojna (Movement for the Reconstruction of the Era) for moral-spiritual regeneration in the light of hoary Indian heritage.

Navigation Links
  • Home
  • Literature
  • News and Activities
  • Quotes and Thoughts
  • Videos and more
  • Audio
  • Join Us
  • Contact
Write to us

Click below and write to us your commenct and input.

Go

Copyright © SRI VEDMATA GAYATRI TRUST (TMD). All rights reserved. | Design by IT Cell Shantikunj