छात्राओं को व्यसन, कुरीतियों से बचने की प्रेरणा दी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश
5 अक्टूबर 2023 को कृष्णा देवी गर्ल्स डिग्री कालेज आलमबाग, लखनऊ में गायत्री प्रज्ञापीठ आलमबाग द्वारा व्यक्तित्व विकास एवं व्यसन मुक्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। लगभग दो सौ छात्राओ ने इसमें भाग लिया। श्री अरूण श्रीवास्तव ने अनेक महापुरूषों के जीवन प्रसंगों के माध्यम से जीवन की सफलता में चरित्र और चिंतन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं में व्याप्त तरह-तरह के दुर्व्यसनों एवं कुरीतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए उनसे बचने के उपाय बताए। कार्यशाला को श्री ए.के. गुप्त एवं श्री कृष्ण अवतार गुप्त ने भी संबोधित किया। उन्होंने व्यक्तित्व विकास के सूत्रों की चर्चा की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रो. सारिका दुबे को परम पूज्य गुरूदेव का साहित्य भेंट किया गया। वरिष्ठ अध्यापिका डॉ. पूजा दुबे ने आभार ज्ञापन के क्रम में गायत्री परिवार के विचारों की सराहना व्यक्त करते हुए छात्राओं को उन्हें जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
