“शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला” — शिक्षक गरिमा शिविर का शुभारंभ
।। हरिद्वार | 21 मई, 2026 ।।
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में 21 से 22 मई तक आयोजित दो दिवसीय “शिक्षक गरिमा शिविर” का शुभारंभ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं झारखंड से पधारे शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. चिन्मय पंड्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर का वातावरण श्रद्धा, प्रेरणा एवं राष्ट्र निर्माण के भावों से ओत-प्रोत रहा।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि, “शिक्षक समाज का दिशा-दर्शक होता है। अध्यापक युग निर्माण के सूत्रधार हैं तथा विद्यार्थी राष्ट्र के भविष्य के कर्णधार।” उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के भीतर संस्कार, अनुशासन एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जागृत करने का आह्वान किया।
शिविर के माध्यम से शिक्षकों में कर्तव्यबोध, नैतिक शिक्षा एवं व्यक्तित्व निर्माण के सूत्रों को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए शिक्षकगण एवं शांतिकुंज परिवार के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह आयोजन शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों एवं राष्ट्र चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

