स्वतंत्रता दिवस पर शांतिकुंज, देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं गायत्री विद्यापीठ में राष्ट्रभक्ति का उल्लास
हरिद्वार। 15 अगस्त 2026 को देशभर में स्वतंत्रता दिवस का 80वाँ वर्ष उत्साह, उमंग और गौरव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार में परम पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीया माताजी के तप, त्याग और ममता से पोषित अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय में शांतिकुंज प्रमुख श्रद्धेया जीजी जी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
शांतिकुंज के साथ देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं गायत्री विद्यापीठ में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख श्रद्धेय डॉ. साहब ने सभी परिजनों एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। गायत्री परिवार की अधिष्ठात्री “श्रद्धेया जीजी जी ने छात्र-छात्राओं एवं आचार्यों को राष्ट्रीय प्रतिज्ञा दिलाई।”
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा— “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।” उन्होंने कहा कि मातृभूमि के प्रति प्रेम केवल भावना नहीं, बल्कि साधना, सेवा और सतत आत्मपरिष्कार का संकल्प है। पूज्य गुरुदेव के विचारों का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि सच्चा देशभक्त वही है, जो अपने चरित्र, कर्म और चेतना से राष्ट्र को गौरवान्वित करे।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर सभी से आत्मनिर्माण के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
प्रस्तुत है शांतिकुंज में आयोजित आज के स्वतंत्रता दिवस समारोह की विविध गतिविधियों की झलकियाँ...
