• News
  • Blogs
  • Gurukulam
English हिंदी
×

My Notes


  • TOC
    • प्रतिकूलताएं वस्तुतः विकास में सहायक
    • कठिनाइयों से डरिये मत, जूझिये
    • आत्मविश्वास क्या नहीं कर सकता?
    • उत्साह एवं सक्रियता चिरयौवन के मूल आधार
    • साहस का शिक्षण—संकटों की पाठशाला में
    • असम्भव को भी सम्भव बनाने वाला प्रचण्ड पुरुषार्थ
    • जो अपनी सहायता करने को तत्पर हो, उन्हें कोई नहीं रोक सकता
  • My Note
  • Books
    • SPIRITUALITY
    • Meditation
    • EMOTIONS
    • AMRITVANI
    • PERSONAL TRANSFORMATION
    • SOCIAL IMPROVEMENT
    • SELF HELP
    • INDIAN CULTURE
    • SCIENCE AND SPIRITUALITY
    • GAYATRI
    • LIFE MANAGEMENT
    • PERSONALITY REFINEMENT
    • UPASANA SADHANA
    • CONSTRUCTING ERA
    • STRESS MANAGEMENT
    • HEALTH AND FITNESS
    • FAMILY RELATIONSHIPS
    • TEEN AND STUDENTS
    • ART OF LIVING
    • INDIAN CULTURE PHILOSOPHY
    • THOUGHT REVOLUTION
    • TRANSFORMING ERA
    • PEACE AND HAPPINESS
    • INNER POTENTIALS
    • STUDENT LIFE
    • SCIENTIFIC SPIRITUALITY
    • HUMAN DIGNITY
    • WILL POWER MIND POWER
    • SCIENCE AND RELIGION
    • WOMEN EMPOWERMENT
  • Akhandjyoti
  • Login





Books - पराक्रम और पुरुषार्थ से ओत-प्रोत यह मानवी सत्ता

Media: TEXT
Language: HINDI
TEXT


असम्भव को भी सम्भव बनाने वाला प्रचण्ड पुरुषार्थ

Listen online

View page note

Please go to your device settings and ensure that the Text-to-Speech engine is configured properly. Download the language data for Hindi or any other languages you prefer for the best experience.
×

Add Note


First 5 7 Last


अन्य प्राणियों की तुलना में मनुष्य की विशेषता यह है कि वह अपनी स्थिति पर सन्तुष्ट नहीं रह सकता। मनुष्येत्तर जीवन प्रकृति प्रेरणाओं के अनुरूप ढर्रे का जीवन यापन करते हुये प्रायः वैसे ही बने रहे जैसे कि आदिम युग में थे। दूसरी ओर मनुष्य ने असामान्य गति से प्रगति की है। बुद्धि, साहस, पुरुषार्थ के बलबूते उसने पर्वतों के शिखरों को भी रौंदा और अन्तरिक्ष में छलांग लगाई है। खोज के प्रति अभिरुचि, अनवरत जिज्ञासा का अवलम्बन एवं साहस का सम्बल पाकर प्रगति क्रम आगे ही बढ़ता गया है। फलतः उसने दुस्साहस भरे ऐसे काम कर डाले जो कभी असम्भव एवं दुस्तर समझे जाते रहे होंगे।

‘ऐण्डवेंचर’ युक्त खोजों का इतिहास यों ही सम्भव न हुआ। वह अपने साथ साहस एवं बलिदान की रोमांचक दास्तान जोड़े हुये है। पृथ्वी का सर्वाधिक रहस्यमय क्षेत्र उत्तरी ध्रुव कभी उतना ही अविज्ञात था जितना कि आज चेतन जगत एवं उसकी चमत्कारी सामर्थ्य। किन्तु दुस्साहसियों ने अपनी जान को जोखिम में डालकर भी वहां तक पहुंचने एवं खोज निकालने का बीड़ा उठाया। फलतः उत्तरी ध्रुव के विषय में रहस्यमय जानकारियां मिल पायीं। खोजियों को कितने कष्ट झेलने पड़े, कितनों को प्राण गंवाने पड़े यह खोज के इतिहास को पढ़ने पर पता चलता है।

सर्वप्रथम डेन्मार्क निवासी ‘वीनस-बेकिंग’ ने ध्रुव प्रदेशों की खोज का संकल्प लिया। सन् 1725 में उन्होंने एशिया के आर-पार पैदल ही यात्रा की। यह यात्रा 5 हजार मील लम्बी थी। बेकिंग अपने छोटे से जहाज के सहारे प्रशान्त महासागर के साइबेरिया और अलास्का होकर ‘जलडमरू’ मध्य को पार कर गया। उसके नाम पर ही इस छोटे से द्वीप का नाम ‘जलडमरू’ मध्य बेकिंग पड़ा है। अलास्का ध्रुव प्रदेश की खोज के फलस्वरूप अमेरिकी खण्ड पर सोने से भरा हुआ विशाल प्रदेश एशिया को मिला जिसे बाद में अमेरिका ने खरीद लिया। बेकिंग ने अलास्का एवं साइबेरिया से उत्तर पूर्व किनारे के ध्रुव प्रदेश में अपनी खोज जारी रखी। सन् 1741 में तीसरी यात्रा में उनका जहाज बर्फ की चट्टानों के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उन्हें दम तोड़ना पड़ा।

ब्रिटेन के एडवर्ड पेरी ने 1819 में उत्तरी ध्रुव तक पहुंचने का निश्चय किया किन्तु बर्फ के पहाड़ों एवं बर्फीली हवाओं के कारण उन्हें अपना निश्चय बदलना पड़ा। ब्रिटेन सरकार द्वारा कुछ समय बाद घोषणा हुई कि जो भी व्यक्ति उत्तर में 89 अंश तक पहुंच कर समुद्री मार्ग खोज निकालेगा उसे पांच हजार पौण्ड का पारितोषिक दिया जायेगा। उन्नीसवीं सदी के पूर्व इंजन से चलने वाले जहाजों की सुविधा न थी। इसके निर्माण से ब्रिटिश सरकार को आशा बंधी। लकड़ी के सहारे एक पालों के सहारे चलने वाले अधिकांश जहाज बर्फ की चट्टानों से युक्त दुर्गम मार्ग एवं तूफानों के थपेड़े से टकराकर नष्ट हो जाते थे। मोटर इंजन के आविष्कार से इस कठिनाई का हल निकला। ब्रिटिश नौ सेना के ‘एरवस एवं टेटर’ नामक दो जहाज आधुनिक यन्त्रों से सुसज्जित होकर सर फ्रेंकलिन ने नेतृत्व में उत्तरी ध्रुव की खोज में चल पड़े। इन जहाजों का वजन साढ़े तीन हजार टन था तथा उन सारी सुविधाओं से युक्त था जो यात्रा के लिए आवश्यक थीं। 129 कुशल नाविकों से युक्त जहाज की भव्य विदाई ब्रिटिश नागरिकों ने की।

फ्रेंकलिन को इसके पूर्व दो उत्तरी-यात्राओं का अनुभव भी प्राप्त था। किन्तु नियति को प्रकृति के इस दुर्गम प्रदेश पर छेड़-छाड़ करना सम्भवतः स्वीकार नहीं था। विशालकाय जहाज बर्फ के बीच फंस गये। नाविकों सहित फ्रेंकलिन को पहला जाड़ा बर्फ की कैद में ही व्यतीत करना पड़ा। पोषक आहार के अभाव में अनेकों नाविक ‘स्कर्वी’ नामक रोग से मरने लगे। दूसरे जाड़ों में फ्रेंकलिन को भी अपने जीवन से हाथ धोना पड़ा। तीसरी ठण्ड आने तक 106 नाविक जीवित थे। किन्तु दोनों जहाजों के बर्फ के बीच दबकर पिस जाने से उनका जीवन भी मौत के झूले में झूल रहा था। खुराक समाप्त हो गई और मछली आदि के शिकार के लिये कोई साधन न था। फलस्वरूप नाविकों के समक्ष अनजान हिमाच्छादित प्रदेश में यात्रा करने के अतिरिक्त कोई मार्ग अब शेष न रहा। किन्तु रक्त को भी जमा देने वाली ठण्ड एवं भोजन के अभाव के कारण सभी नाविकों ने दम तोड़ दिया। ब्रिटिश सरकार ने इनकी टोह लेने के लिए एक दूसरा दल ‘जान राई’ के नेतृत्व में भेजा जिन्हें तीस नाविकों के शव बर्फ में जमे हुये मिले।

सन् 1879 में अमेरिकी कप्तान ‘द लांग’ तीन नाव, छः बर्फ गाड़ियां 23 कुत्ते एवं 33 प्रशिक्षित नाविकों को लेकर उत्तरी ध्रुव की खोज में चल पड़े। साइबेरिया से होकर वे गुजर रहे थे इतने में बर्फ का तैरता हुआ विशाल पर्वत उनके साथियों को विरुद्ध दिशा में नाव सहित बहा ले गया। फलतः एक नाव साइबेरिया के दूसरे किनारे पर जा पहुंची। ‘दूसरी’ रसद सहित साइबेरिया की ‘लेना’ नदी में जा पहुंचे। सभी हिमदश रोग से पीड़ित हो गये और अन्ततः मौत की गोद में जा पहुंचे दूसरे खोजी दल को ‘द लांग’ की लिखी 140 दिनों की प्रवास डायरी प्राप्त हुई जो आगे यात्रा करने वालों के लिये विशेष उपयोगी सिद्ध हुई।

असफलता एवं सफलता की कड़ियां परस्पर एक-दूसरे से आबद्ध हैं। सफलतायें भी अपने साथ कितने ही अनुभव एवं प्रेरणाएं छिपाये रहती हैं तथा दूसरों को मार्गदर्शन देने में सक्षम होती हैं। ध्रुव प्रदेशों तक पहुंचने में ये दुस्साहसी असफल तो रहे किन्तु उनका त्याग, बलिदान से भरा पुरुषार्थ निरर्थक नहीं गया। दूसरे खोजियों के लिए उनके अनुभव वरदान सिद्ध हुए तथा पथ-प्रदर्शन में समर्थ रहे। कैप्टिन द लांग की प्राप्त डायरी नार्वे के डॉ. नानसन की सफलता का कारण बनी। डायरी में वर्णित अनुभवों से डॉ. नानसन ने निष्कर्ष निकाला कि उत्तरी ध्रुव के आस पास बर्फ की पट्टी है। अतएव ऐसे जहाजों का निर्माण किया जाना चाहिये जो बर्फ जमने पर उसके बीच पिस जाने के स्थान पर सुरक्षित ऊपर उठकर सतह पर आ जायें। जिस प्रकार साइबेरिया के किनारे लकड़ी के लट्ठे प्रवाह के साथ बहकर ग्रीनलैण्ड के किनारे पहुंच सकते हैं, उसी प्रकार जहाज भी उत्तरी ध्रुव पर क्यों नहीं पहुंच सकते, इन विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने ‘फ्राम’ नामक एक ऐसे जहाज का निर्माण कराया, जो उपरोक्त आवश्यकताओं की पूर्ति कर सके और जहाज को बर्फ पर फिसलने के लिए स्वतन्त्र छोड़ दिया। पौने दो वर्ष बाद जहाज 78 अंश उत्तर अक्षांश के पास जा पहुंचा। ‘नानसन’ ने अब उत्तरी ध्रुव के लिए पैदल यात्रा करना अधिक उपयुक्त समझा। अपने साथी ‘शालमार जोहानसन’ को लेकर वह चल पड़ा। यह बहुत ही दुस्साहस भरा कदम था। मार्च 1895 में यात्रा आरम्भ हुई तथा 8 अप्रैल 85 अंश उत्तर अक्षांश 14 मिनट तक जाकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित करते हुए समाप्त हुई। अब गर्मी के कारण बर्फ पिघलनी आरम्भ हो गई। पानी पर तैरते, बर्फ से होकर वापस लौटा जा सकता था किन्तु देरी हो जाने के कारण बर्फ के अभाव में लौटना कठिन था। फलस्वरूप जाड़े की राह देखने तक फ्रांज जोसेफलैण्ड नामक टापू पर पत्थर की झोंपड़ी में समय व्यतीत करना पड़ा। आठ माह व्यतीत करने के बाद पुनः वे वापस लौटे। ‘नानसन’ उत्तरी ध्रुव से मात्र 224 समुद्री मील दूर रहे। इस प्रकार उनकी यात्रा एवं अनुभवों ने आगे मार्ग प्रशस्त किया।

ऐतिहासिक सफलताओं में किसी व्यक्ति विशेष का एकांगी पुरुषार्थ काम नहीं करता। उनमें अनेकों का योगदान होता है। सफलता का श्रेय भले ही किसी को मिले उपयोग भले ही कोई करे, किन्तु इस तथ्य से इन्कार नहीं किया जा सकता कि वे महान उपलब्धियां अनेकों के सहयोग से ही सम्भव हो सकीं।

पिछले खोजियों का पुरुषार्थ निरर्थक गया, यह नहीं कहा जा सकता। एक के अनुभव ने दूसरे का मार्गदर्शन किया तथा आगे बढ़ाया। उत्तरी ध्रुव की खोज का अन्तिम श्रेय पाया अमेरिका के रावर्ट पियरी एवं उनके निग्रो साथी ‘मैथ्यु हेनसन’ एवं दो एस्किमो ने। पियरी ने लगभग अपना सम्पूर्ण जीवन की उत्तरी ध्रुव की खोज में लगा दिया। पिछले खोजियों की असफलताओं का अध्ययन बारीकी से पियरी ने किया। लोहे से विनिर्मित जहाज 6 साथियों, 177 एस्किमो एवं 133 कुत्तों के साथ वह जुलाई 1908 को दुस्साहसी अभियान पर चल पड़ा। 1 अप्रैल 1909 को वह उत्तरी ध्रुव से मात्र 133 मील दूर था। अन्य साथियों को वहीं छोड़कर वह एक साथी हेनसन तथा चार अनुभवी एस्किमो को लेकर आगे बढ़ा। प्रकृति ने भी इस दुस्साहसी का साथ दिया। मौसम अनुकूल था। 6 अप्रैल 1909 को वह प्रायः ध्रुव से मात्र 3 मिनट के अन्तर पर अर्थात् 89 अक्षांश 58 मिनट पर जा पहुंचा। उसकी प्रसन्नता की सीमा नहीं रही। 23 सौ वर्ष पूर्व से ध्रुव प्रदेश की खोज आरम्भ हुई थी उसका अन्तिम श्रेय उसे मिला।

दुस्साहस भरी दो यात्राएं एवं तदनुरूप सफलताएं इस तथ्य की ओर इंगित करती हैं कि मानवी साहस एवं पुरुषार्थ के लिए कुछ भी असम्भव नहीं है। छोटे-मोटे अवरोधों के समझ सिर झुका लेने एवं अपने लक्ष्य को छोड़ बैठने वालों के लिए ये प्रसंग प्रेरणा देते तथा बताते हैं कि—परिस्थितियों के समक्ष कभी हार न मानो लक्ष्य तक पहुंचने के लिए अपना प्रयास जारी रखो।

दक्षिणी ध्रुव की खोज का इतिहास उत्तरी ध्रुव की तुलना में और भी अधिक रोमांचक एवं दुस्साहस से भरा हुआ है। दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचना तो और भी अधिक कठिन है। अठारहवीं सदी के सातवें दशक में ब्रिटेन का जेम्स कुक दक्षिणी ध्रुव की खोज करते 79 अक्षांश दक्षिण तक जा पहुंचा। यह स्थान लक्ष्य से 150 मील दूर था किन्तु बर्फ के विशालकाय शिखरों के कारण ‘जेम्स’ आगे नहीं बढ़ सका बर्फ के तूफानों में ही उसे दम तोड़ना पड़ा। सन् 1901 में जर्मन के कमाण्डर रावर्ट स्काट अर्नेस्ट हेनरी शेकलटन नामक एक आयरिश युवक को साथ लेकर दक्षिणी ध्रुव की ओर चला किन्तु आपसी मतभेद हो जाने के कारण दोनों को दो दलों में विभक्त होना पड़ा। शेकलटन अपने दस्ते को साथ लिये दक्षिण ध्रुव की 100 मील दूर तक पहुंच गया। किन्तु 11 हजार 6 सौ फुट ऊपर तथा शून्य से 56 अंश नीच भयंकर ठण्ड के कारण आगे बढ़ना सम्भव न हो सका। इस बीच बचा हुआ भोजन भी समाप्त हो चला था। फलस्वरूप उसने वापस लौटना अधिक उपयुक्त समझा। उसके द्वारा प्राप्त की गई जानकारियों से प्रो. डेविड के नेतृत्व में एक खोजी दल दक्षिण चुम्बकीय ध्रुव तक जा पहुंचा।

दूसरी ओर शेकलटन के साथ दक्षिणी ध्रुव की खोज पर निकला स्काट अपने अभियान में लगा रहा। ध्रुव से 150 मील दूरी पर स्काट चार के अतिरिक्त अन्य साथियों को वहीं छोड़कर आगे बढ़ा। बर्फ गाड़ी खींचने में अत्यधिक श्रम लगने एवं समुचित पोषण के अभाव के कारण बीमार पड़ गये तथा मृत्यु के ग्रास बन गये।

इन्हीं दिनों नार्वे का ‘आमण्डसन’ नामक नाविक जो कभी ‘नानसन’ के साथ उत्तरी ध्रुव की यात्रा कर चुका था, उसने दक्षिणी ध्रुव की खोज का संकल्प लिया। उसके विगत अनुभव काम आये। अपने दल के साथ वह 14 दिसम्बर 1911 को दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने में सफल रहा और ‘नार्वे’ का झण्डा फहरा दिया। इसके बाद तो वहां आना-जाना सुगम हो गया।

इस दुर्गम प्रदेशों की कठिन यात्राएं जहां मानव साहस एवं पुरुषार्थ की असाधारण महिमा का प्रतिपादन करती हैं वहीं दूसरी ओर इस तथ्य की ओर संकेत करती हैं कि मनुष्य के लिये कुछ भी असम्भव नहीं है। जड़ प्रकृति की तुलना में चेतन सूक्ष्म जगत कहीं अधिक ‘एडवेंचरस्’—रहस्यमय, शक्ति-सामर्थ्य से युक्त हैं। जितना पुरुषार्थ एवं दुस्साहस प्रकृति के ‘ऐडवेंचर’ को खोजने एवं जानने में किया जाता है उतना ही यदि चेतन जगत के लिये भी किया जा सके तो इतना कुछ जाना एवं प्राप्त किया जा सकता है, जिसे करतलगत कर और कुछ जानने एवं पाने की आवश्यकता नहीं रह जाती।

----***----
First 5 7 Last


Other Version of this book



पराक्रम और पुरुषार्थ से ओत-प्रोत यह मानवी सत्ता
Type: TEXT
Language: HINDI
...


Releted Books



सर्वतोमुखी उन्नति
Type: SCAN
Language: HINDI
...

सर्वतोमुखी उन्नति
Type: TEXT
Language: HINDI
...

જીવન સાધનાનાં સોનેરી સૂત્રો
Type: SCAN
Language: EN
...

जीवन साधना के स्वर्णिम सूत्र
Type: TEXT
Language: EN
...

தவ வாழ்க்கைக்கான
Type: SCAN
Language: EN
...

जीवन साधना के स्वर्णिम सूत्र
Type: SCAN
Language: EN
...

మానసిక సంతులనం
Type: SCAN
Language: TELUGU
...

Mental Balance
Type: SCAN
Language: ENGLISH
...

மன சமநிலை
Type: SCAN
Language: TAMIL
...

मन: स्थिति बदले तो परिस्थिति बदले
Type: TEXT
Language: EN
...

મન: સ્થિતિ બદલો તો પરિસ્થિતિ બદલાશે
Type: SCAN
Language: GUJRATI
...

मनस्थिति बदलें तो परिस्थिति बदले
Type: SCAN
Language: EN
...

ઇન્દ્રિય સંયમ
Type: SCAN
Language: GUJRATI
...

इंद्रिय संयम
Type: SCAN
Language: HINDI
...

इन्द्रिय संयम
Type: TEXT
Language: HINDI
...

Health Wealth and Spirituality
Type: SCAN
Language: ENGLISH
...

सावधानी और सुरक्षा
Type: TEXT
Language: HINDI
...

सावधानी और सुरक्षा
Type: SCAN
Language: EN
...

युग की माँग प्रतिभा परिष्कार
Type: TEXT
Language: EN
...

युग की माँग प्रतिभा परिष्कार-भाग १
Type: TEXT
Language: EN
...

कालाची गरज प्रतिभा परिष्कार भाग 2
Type: SCAN
Language: MARATHI
...

Refinement of Talents: Need of the present Era
Type: SCAN
Language: ENGLISH
...

युग की मांग प्रतिभा परिष्कार भाग-१
Type: SCAN
Language: EN
...

સર્વતોમુખી ઉન્નતિ
Type: SCAN
Language: GUJRATI
...

Articles of Books

  • प्रतिकूलताएं वस्तुतः विकास में सहायक
  • कठिनाइयों से डरिये मत, जूझिये
  • आत्मविश्वास क्या नहीं कर सकता?
  • उत्साह एवं सक्रियता चिरयौवन के मूल आधार
  • साहस का शिक्षण—संकटों की पाठशाला में
  • असम्भव को भी सम्भव बनाने वाला प्रचण्ड पुरुषार्थ
  • जो अपनी सहायता करने को तत्पर हो, उन्हें कोई नहीं रोक सकता
About Shantikunj

Shantikunj has emerged over the years as a unique center and fountain-head of a global movement of Yug Nirman Yojna (Movement for the Reconstruction of the Era) for moral-spiritual regeneration in the light of hoary Indian heritage.

Navigation Links
  • Home
  • Literature
  • News and Activities
  • Quotes and Thoughts
  • Videos and more
  • Audio
  • Join Us
  • Contact
Write to us

Click below and write to us your commenct and input.

Go

Copyright © SRI VEDMATA GAYATRI TRUST (TMD). All rights reserved. | Design by IT Cell Shantikunj