अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय परम श्रद्धेय डॉ प्रणव पंड्या एवं परम श्रद्धेया शैल दीदी ने भगवान महादेव की विशेष पूजा अर्चना की
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज,हरिद्वार में अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ प्रणव पण्डया एवं शैल दीदी ने भगवान महादेव की विशेष पूजा अर्चना की। वहीं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय स्थित प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में देसंविवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या एवं श्रीमती शेफाली पण्ड्या ने महाभिषेक कर विश्व शांति की कामना की। इस अवसर पर प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शिव भक्ति गीत की गंगा बही तो हजारों शिव भक्त जय भोले हितकारी गीत में झूम उठे।
अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं शैल दीदी ने कहा कि समाज को बचाने के लिए महाकाल ने कालकूट विष का पान किया। उन्होंने सदैव दूसरों का कल्याण ही किया है। गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने भी विश्व कल्याण के लिए काफी अपमान सहे, लेकिन शिव की भांति वसुधैव कुटुंबकम के भाव को जन जन के मन में उतारने का सार्थक प्रयास किया, जिससे प्राणी मात्र में प्यार, सहकार का भाव जागृत हो सकें।
पुरुष सूक्त व महाकालाष्टक के साथ रुद्राभिषेक का वैदिक कर्मकाण्ड श्याम बिहारी दुबे एवं उदय किशोर मिश्र ने किया। संगीत विभाग के भाइयों ने सुमधुर शिव आराधना प्रस्तुत की। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में स्थित प्रज्ञेश्वर महादेव एवं शांतिकुंज प्रांगण में स्थित शिवालय में विशेष पूजा, रुद्राभिषेक, शिवाभिषेक का कम देर सायं तक चलता रहा। कार्यक्रम में देवसंस्कृति विवि के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित समस्त स्टाफ, विद्यार्थियों, शांतिकुंज के अंतेवासी कार्यकताओं एवं देश विदेश से आये शिवभक्त मौजूद रहे।
