देव संस्कृति विश्वविद्यालय में गोवर्धन पूजा का श्रद्धामय आयोजन
हरिद्वार, 22 अक्टूबर 2025: देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आज गोवर्धन पूजा उत्सव बड़ी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय परिसर में सजे-धजे प्रांगण में विद्यार्थियों एवं आचार्यों ने मिलकर भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन पूजा पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति आदरणीय श्री शरद पारधी जी तथा प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी का स्नेहमय आगमन हुआ। दोनों ही विशिष्ट अतिथियों ने समस्त उपस्थित जनों को गोवर्धन पर्व के आध्यात्मिक संदेश — प्रकृति के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सामूहिकता की भावना को जीवन में आत्मसात करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
पूरे परिसर में भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यार्थी एवं कर्मयोगी परिवार के सदस्यों ने इस पर्व को एक आध्यात्मिक उत्सव के रूप में मनाते हुए, भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से सेवा, संरक्षण और संतुलन के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
