अखिल विश्व गायत्री परिवार की प्रेरणा से देव संस्कृति विश्वविद्यालय में महाशिवरात्रि पर दिव्य रुद्राभिषेक एवं विश्वकल्याण की प्रार्थना
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय का परिसर शिवमय भक्ति और दिव्य ऊर्जा से आलोकित हो उठा। इस शुभ अवसर पर आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी एवं आदरणीया शेफाली पंड्या जी ने विधिवत रुद्राभिषेक संपन्न कर समस्त विश्व के कल्याण, शांति और सद्बुद्धि की कामना की।
इस विशेष अनुष्ठान में सुप्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार हिमेश रेशमिया जी अपने परिवार सहित उपस्थित रहे और शिवभक्ति के इस पावन वातावरण में सहभागी बने। कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से श्रद्धेयद्वय का आशीर्वचन प्राप्त हुआ, साथ ही बड़ी संख्या में गायत्री परिजन, शांतिकुंज के कार्यकर्ता, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्मिलित हुए।
मंत्रोच्चार, अभिषेक और सामूहिक प्रार्थना के मध्य पूरा वातावरण “हर हर महादेव” के उद्घोष से गूंज उठा। महाशिवरात्रि का यह उत्सव केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, संकल्प और चेतना जागरण का प्रेरक पर्व बन गया।


