माननीय श्री शिवराज सिंह चौहान जी से शिष्टाचार भेंट एवं विशेष आमंत्रण
आज नई दिल्ली में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति, आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, माननीय श्री शिवराज सिंह चौहान जी से आत्मीय शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण वैचारिक आयोजन “अर्थधर्म: भारतीय ज्ञान के माध्यम से अर्थशास्त्र का पुनर्परिभाषण” में उनकी गरिमामयी उपस्थिति हेतु सादर आमंत्रण प्रदान किया।
यह आयोजन भारतीय दर्शन में निहित उस संतुलित आर्थिक दृष्टि को पुनः प्रतिष्ठित करने का प्रयास है, जिसमें अर्थ केवल धन-संचय नहीं, बल्कि धर्म, नैतिकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास के साथ संतुलित जीवन-पद्धति का अंग है।
भेंट के दौरान राष्ट्रनिर्माण, युवाशक्ति के मार्गदर्शन तथा भारतीय चिंतन आधारित विकास मॉडल जैसे विषयों पर सारगर्भित चर्चा हुई।
यह शिष्टाचार भेंट विश्वविद्यालय के उस संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने वाली रही, जिसके माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक विमर्श के केंद्र में स्थापित किया जा रहा है।

