सात दिवसीय राष्ट्रीय एकीकरण शिविर (NIC) 2026 का भव्य समापन : युवाशक्ति के माध्यम से एक भारत–श्रेष्ठ भारत का सशक्त संदेश
देवभूमि हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय एकीकरण शिविर (NIC) 2026 का समापन समारोह आज गरिमामयी वातावरण में संपन्न होने जा रहा है। 22 से 28 फरवरी तक आयोजित इस राष्ट्रीय शिविर ने विविधता में एकता की भारतीय भावना को सजीव रूप में अभिव्यक्त किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री स्वतंत्र देव सिंह जी (कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीया श्रीमती ऋतु खंडूड़ी जी (अध्यक्ष, उत्तराखंड विधानसभा) द्वारा की जाएगी। साथ ही श्री समर दीप सक्सेना जी (क्षेत्रीय निदेशक, राष्ट्रीय सेवा योजना, क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ) की विशेष उपस्थिति कार्यक्रम को गौरवान्वित करेगी।
इसके अतिरिक्त डॉ. राजेश रंजन जी, उपमहानिदेशक (कॉन्फ्रेंस, रिसर्च एवं विशेष परियोजनाएँ), भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR), नई दिल्ली भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
सात दिवसीय इस राष्ट्रीय शिविर के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता सहित विविध बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही सामाजिक उत्तरदायित्व के भाव को सुदृढ़ करते हुए रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस शिविर में देश के 13 राज्यों—कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड—से 200 विश्वविद्यालयों के स्वयंसेवकों ने सहभागिता कर राष्ट्रीय एकात्मता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। यह राष्ट्रीय एकीकरण शिविर न केवल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच सिद्ध हुआ, अपितु सांस्कृतिक समन्वय, सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकात्मता के आदर्शों को भी नई ऊर्जा प्रदान कर गया।

