देव संस्कृति विश्वविद्यालय में “पाइरेट्स क्वेस्ट फॉर पाई” के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया पाई डे
हरिद्वार, 14 मार्च 2026।
Dev Sanskriti Vishwavidyalaya के गणित विभाग द्वारा 13–14 मार्च 2026 को पाई डे के उपलक्ष्य में दो दिवसीय “मैथ फेस्ट – पाइरेट्स क्वेस्ट फॉर पाई” का आयोजन अत्यंत उत्साह और रचनात्मकता के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की गणितीय प्रतिभा और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विविध रोचक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित मैथमेटिकल फोटोग्राफी, मैथमेटिकल क्विज तथा ट्रेजर हंट प्रतियोगिताएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने गणित के सिद्धांतों को रचनात्मक और व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया। विशेष रूप से ट्रेजर हंट प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का उत्साह और जिज्ञासा देखते ही बनती थी, जहाँ गणितीय संकेतों और तर्कों के माध्यम से उन्हें अगले चरण तक पहुँचने की चुनौती दी गई।
कार्यक्रम के समापन सत्र में विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने उपस्थित होकर सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गणित केवल संख्याओं का विज्ञान नहीं, बल्कि तर्क, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता को विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार और बौद्धिक क्षमता के विकास को प्रेरित करते हैं।
