शताब्दी वर्ष विशेष: नॉर्थ अमेरिका प्रवास के अंतर्गत परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी का ओटावा आगमन
युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों एवं भारतीय संस्कृति के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से चल रहे शताब्दी वर्ष विशेष कार्यक्रमों के अंतर्गत परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी का नॉर्थ अमेरिका प्रवास निरंतर प्रेरणादायी एवं उत्साहवर्धक बनता जा रहा है। इसी क्रम में वे कनाडा की राजधानी ओटावा पहुँचे, जहाँ स्थानीय परिजनों एवं गायत्री परिवार के सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
प्रवास के दौरान परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने परिजनों से भेंट-वार्ता कर गुरु-सत्ता के विचारों, जीवनदृष्टि एवं युग निर्माण के संकल्पों को साझा किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आत्मविकास, परिवार निर्माण एवं समाज के सकारात्मक परिवर्तन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि युगऋषि के विचार केवल भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने परिजनों से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में सद्विचार, संस्कार एवं सेवा के आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।
इस अवसर पर उपस्थित परिजनों ने अपने अनुभव साझा किए तथा गुरुकार्य को और अधिक व्यापक बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, आत्मीयता एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।

