शताब्दी वर्ष विशेष : उत्तर अमेरिका प्रवास के अंतर्गत पश्चिम कनाडा पहुँचे परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी
रेजाइना, सास्केचेवान (कनाडा)। जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर सत्प्रवृत्ति संवर्धन, भारतीय संस्कृति के प्रसार एवं मानवता के उत्कर्ष के उद्देश्य से चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के क्रम में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने पश्चिम कनाडा का दौरा प्रारंभ किया। इस यात्रा के अंतर्गत वे सास्केचेवान प्रांत के रेजाइना नगर पहुँचे, जहाँ स्थानीय परिजनों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
रेजाइना आगमन के उपरांत परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने सर्वप्रथम स्थानीय कार्यकर्ताओं तथा विनिपेग नगर से पधारे सक्रिय परिजनों के साथ एक विशेष गोष्ठी में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों, जन्म शताब्दी वर्ष के उद्देश्यों तथा युग निर्माण आंदोलन की भावी योजनाओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी वर्ष केवल एक स्मरण पर्व नहीं, बल्कि आत्मपरिष्कार, समाज निर्माण एवं सांस्कृतिक जागरण का एक विराट अभियान है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अपने जीवन में साधना, स्वाध्याय और सेवा की त्रिवेणी को आत्मसात करते हुए गुरुसत्ता के संदेश को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने का प्रयास करें।
गोष्ठी में उपस्थित परिजनों ने आदरणीय डॉ. पंड्या जी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन को अत्यंत उत्साह एवं श्रद्धा के साथ ग्रहण किया तथा जन्म शताब्दी वर्ष के लक्ष्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया। यह प्रवास उत्तर अमेरिका में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं युगऋषि के विचारों के व्यापक प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

