शताब्दी वर्ष विशेष : कैलगरी शहर ने परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी को किया सम्मानित
कैलगरी, अल्बर्टा (कनाडा)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के क्रम में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी को पश्चिमी कनाडा के कैलगरी नगर में विशेष सम्मान प्रदान किया गया। उनके सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक योगदानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें अभिनंदित किया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक माइक जेमिसन ने सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी को प्रशस्ति पत्र भेंट किया। प्रशस्ति पत्र के माध्यम से मानवता के उत्थान, नैतिक मूल्यों के संवर्धन, युवा जागरण तथा वैश्विक स्तर पर भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में उनके उल्लेखनीय योगदानों की सराहना की गई।
अपने संबोधन में परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने इस सम्मान को गुरुसत्ता की कृपा, युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी की प्रेरणाओं तथा विश्वभर में सक्रिय गायत्री परिवार के लाखों परिजनों के सामूहिक पुरुषार्थ का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सेवा, संस्कार और समाज निर्माण के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा प्रदान करता है।
उल्लेखनीय है कि उत्तर अमेरिका प्रवास के दौरान कनाडा के विभिन्न प्रांतों एवं नगरों में परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी को सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तित्व एवं कार्यों की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है, बल्कि गायत्री परिवार द्वारा संचालित मानवीय एवं सांस्कृतिक अभियानों के प्रभाव को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित परिजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने इस गौरवपूर्ण अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए मानव मूल्यों, सांस्कृतिक जागरण एवं वैश्विक सद्भावना के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

