शताब्दी वर्ष विशेष : ला पाल्मा में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी का सम्मान, प्रबुद्ध वर्ग एवं स्थानीय नेतृत्व से हुई सार्थक चर्चा
ला पाल्मा, कैलिफोर्निया (अमेरिका)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के अंतिम चरण में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी कैलिफोर्निया के ला पाल्मा स्थित मेयर निवास पहुँचे। इस अवसर पर स्थानीय नेतृत्व, प्रबुद्ध नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने उपस्थित प्रबुद्ध वर्ग एवं स्थानीय लीडर्स से भेंट-वार्ता कर मानवीय मूल्यों, सांस्कृतिक जागरण, युवा सशक्तिकरण एवं वैश्विक सद्भावना जैसे विषयों पर विचार साझा किए। उन्होंने भारतीय संस्कृति की सार्वभौमिक जीवनदृष्टि तथा युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों को समाज निर्माण एवं विश्व कल्याण के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया।
इस अवसर पर परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक योगदानों को सम्मानित करते हुए उन्हें सिटी ऑफ़ आर्टेशिया की ओर से आधिकारिक सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान वैश्विक स्तर पर मानवता, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के प्रसार हेतु उनके निरंतर प्रयासों की सराहना का प्रतीक है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज की दुनिया को केवल तकनीकी प्रगति ही नहीं, बल्कि नैतिक चेतना, मानवीय संवेदनाओं और सांस्कृतिक मूल्यों की भी आवश्यकता है। उन्होंने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों से मिलकर सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी के विचारों की सराहना करते हुए वैश्विक शांति, सांस्कृतिक समन्वय एवं मानवीय मूल्यों के संवर्धन के लिए सहयोगात्मक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। यह अवसर भारतीय संस्कृति एवं वैश्विक नेतृत्व के मध्य सार्थक संवाद का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।

