गायत्री जयंती महापर्व का शुभारंभ भव्य एवं दिव्य दीपयात्रा से
गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. साहब एवं श्रद्धेया जीजी के मार्गदर्शन में परम वंदनीया माताजी की जन्मशती, अखंड दीप के शताब्दी वर्ष तथा परम पूज्य गुरुदेव की प्रचंड तप-साधना के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में वर्ष 2026 में आयोजित गायत्री जयंती महापर्व का शुभारंभ एक भव्य, प्रेरणाप्रद एवं दिव्य दीपयात्रा के साथ हुआ।
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी एवं शांतिकुंज महिला मंडल की अध्यक्षा आदरणीया श्रीमती शेफाली पंड्या दीदी ने सामूहिक गायत्री मंत्रोच्चार के मध्य विचार-क्रांति की मशाल एवं दीपकों को प्रज्वलित कर यात्रा को रवाना किया।
सैकड़ों की संख्या में उपस्थित गायत्री परिजन अपने हाथों में प्रज्ज्वलित दीपक एवं विचार-क्रांति की मशालें धारण किए युग निर्माण के प्रेरणादायी नारों से वातावरण को गुंजायमान करते हुए यात्रा में सहभागी बने। संपूर्ण आश्रम परिसर को अपनी दिव्य आभा से आलोकित करती हुई यह दीपयात्रा शांतिकुंज के चैतन्य सिद्ध क्षेत्र प्रखर प्रज्ञा-सजल श्रद्धा समाधि स्थल पहुँची, जहाँ देवकन्याओं ने आरती एवं पूजन के माध्यम से इस दिव्य दीपयात्रा का भावपूर्ण स्वागत किया।
आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और संकल्प से ओत-प्रोत इस अलौकिक दीपयात्रा के साथ ही गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में आयोजित तीन दिवसीय गायत्री जयंती महापर्व का विधिवत शुभारंभ हुआ।

