पांच दिवसीय केंद्रीय टोली पुनर्बोध प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
14 सितंबर 2026 | शांतिकुंज
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में पांच दिवसीय केंद्रीय टोली पुनर्बोध प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शांतिकुंज महिला मंडल की अध्यक्षा आदरणीया शैफाली पंड्या दीदी, कार्यक्रम विभाग के समन्वयक आदरणीय श्री श्याम बिहारी दुबे जी एवं शांतिकुंज के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में देश के विभिन्न प्रांतों से आए गायक, वादक एवं प्रवचनकर्ता सहभागी हो रहे हैं।
इस अवसर पर आदरणीया शैफाली पंड्या दीदी ने कहा कि केंद्रीय टोली के कार्यकर्ताओं को अपनी वेशभूषा, अनुशासन, व्यवहार एवं कार्यशैली का विशेष ध्यान रखना चाहिए।कार्यकर्ता अपने आचरण से भी मिशन के संस्कारों का परिचय कराते हैं।
जन्म शताब्दी वर्ष में गायत्री यज्ञ को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लेकर कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जुटना है।
केंद्रीय कार्यक्रम विभाग के समन्वयक आदरणीय श्री श्याम बिहारी दुबे जी ने बताया कि अक्टूबर 2026 से मई 2027 तक 15 केंद्रीय टोलियों द्वारा देशभर में 24, 51, 108 एवं 251 कुंडीय गायत्री महायज्ञों सहित युवा, नारी एवं शिक्षक सम्मेलनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शांतिकुंज के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों को अधिक प्रभावी ढंग से निभाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षित कार्यकर्ता परम पूज्य गुरुदेव के विचारों एवं युगनिर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
प्रस्तुत हैं प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ एवं विभिन्न सत्रों के कुछ आत्मीय छायाचित्र।
