राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर सामूहिक यज्ञ एवं धन्वंतरि पूजन
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं शांतिकुंज फार्मेसी के आयुर्वेद विभाग द्वारा फार्मेसी परिवार में सामूहिक यज्ञ एवं भगवान धन्वंतरि पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शांतिकुंज के व्यवस्थापक आदरणीय योगेंद्र कुमार गिरि जी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलसचिव आदरणीय बलदाऊ देवांगन जी, उप कुलसचिव एवं योग विभाग के डीन, एच आर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. वंदना श्रीवास्तव, डॉ. अल्का मिश्रा, डॉ. अशोक पांडेय, डॉ. शिवानंद साहू सहित फार्मेसी एवं आयुर्वेद परिवार के सभी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। आदरणीय व्यवस्थापक जी ने वृक्षारोपण कर भगवान धन्वंतरि से सभी के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान परंपरागत स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से आयुर्वेद विभाग की प्रमुख डॉ. वंदना श्रीवास्तव द्वारा रचित पुस्तक ‘पारंपरिक चिकित्सा’ का विमोचन भी हुआ। यह पुस्तक परम वंदनीया माताजी की जन्म शताब्दी को समर्पित है। पुस्तक में युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के स्वास्थ्य आंदोलन तथा शांतिकुंज फार्मेसी में वनौषधियों के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण की परंपरा को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।