माताजी की जन्मशताब्दी का संदेश लेकर जन-जागरण के लिए रवाना हुई रथ यात्रा
परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर शांतिकुंज, हरिद्वार से जन-जागरण के उद्देश्य से भव्य रथ यात्रा का शुभारंभकिया गया। गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं जन्मशताब्दी के दल नायक डॉ चिन्मय पंड्या जी एवं गायत्री परिवार की प्रमुख श्रद्धेय शैल जीजी के द्वारा हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया गया। यह अभियान परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं परम वंदनीया माताजी के विचारों, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों तथा 'व्यक्ति निर्माण से युग निर्माण' के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत देश के तीन प्रमुख केंद्रों-मथुरा, आंवलखेड़ा और शांतिकुंज से विशेष रथ एवं कलश यात्राएँ प्रारंभ की गई हैं। मथुरा से ‘शक्ति कलश' यात्रा का शुभारंभ हुआ है, जो राजस्थान प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में जन-जागरण का संदेश प्रसारित करते हुए आगे बढ़ रही है। वहीं, परम पूज्य गुरुदेव की पावन जन्मस्थली आंवलखेड़ा से 'सत्य कलश' यात्रा प्रारंभ हुई है, जो उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से होकर गुजरेगी। इसी क्रम में शांतिकुंज, हरिद्वार से रवाना हुआ शक्ति कलश रथ उत्तराखंड, सहारनपुर, हरियाणा एवं पंजाब में लोक-संस्कृति की अलख जगाते हुए जन-चेतना का प्रसार करेगा।तीनों यात्राएँ अपने-अपने निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए आगामी 28 अक्टूबर को भारतीय चेतना केंद्र, नोएडा में एकत्रित होंगी, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। यह अभियान नारी शक्ति के उत्थान, सामाजिक चेतना, सकारात्मक चिंतन और सेवा भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है।
इसके माध्यम से समाज को नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ते हुए परम वंदनीया माताजी के जीवन एवं विचारों के अनुरूप जन-जागरण का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।
