लक्षभेदी पथिक (Kavita)
Listen online
View page note
Please go to your device settings and ensure that the Text-to-Speech engine is configured properly. Download the language data for Hindi or any other languages you prefer for the best experience.
पथ के भटके पंथी भी तो, अपनी मंजिल पास बुलाते।
करते हैं जो खोज स्वप्न की, स्वयं वही सपना बन जाते॥
पूजा रत भक्तों में ही तो, उठकर हैं भगवान समाते।
पीड़ा से जो इठते वे ही, लक्ष्यों पर वाणों से गिरते—
जीवन वही जगाते हैं जो, जीवन में ही मृत्यु बुलाते॥ पथ के. ॥
शलभों से जलते जो, उनकी शिरा-शिरा दीपक बन जाती।
टूटे जी को साँस हवा की, जीवन की धड़कनें सुनाती॥
प्राणों पर जो पत्थर रखते, वे ही हृदयवान कहलाते।
सूनेपन के बन्दी ही तो शब्दों का संसार रचाते॥
भोर देखते हैं जो निशि भर प्रतिक्षण अपना दीप जलाते॥ पथ के ॥
तो क्या हुआ कि तुम हो मुझसे दूर, और मधु बेला आई।
निज को तुममें मिला आज तो मैंने दूरी निकट बुलाई॥
अब तो मुझको श्वास तुम्हारी अपने में लहराती लगती।
आँसू धुली दृष्टि में मेरी, अब तो ज्योति तुम्हारी जगती॥
अब तो हँसते हो विषाद में, गीतों में भी मुझे रुलाते।
पथ के भटके पंथी भी तो अपनी मंजिल पास बुलाते॥

