शांतिकुंज परिवार ने राष्ट्रीय युवा दिवस उत्साह के साथ मनाया
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय एवं शान्तिकुञ्ज परिवार ने स्वामी विवेकानन्द जी की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं युवा जागरण गीत के साथ हुआ। प्रो. प्रमोद भटनागर, श्री श्याम बिहारी दुबे, श्री संदीप कुमार, श्री नरेन्द्र ठाकुर आदि ने उपस्थित श्रोताओं को युवा योद्धा सन्यासी स्वामी विवेकानन्द के जीवन
की शिक्षाओं का बोध कराया।
श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या जी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि स्वामी जी सदैव सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ते रहे। उन्होंने अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दिनों मनाये जा रहे स्वामी विवेकानन्द जी के जन्मदिवस पर्व को दोहरे उत्साह का संचार करने वाला पर्व बताया। श्रद्धेया शैल जीजी ने स्वामी जी के जीवन में समर्पण एवं पारदर्शिता को उनकी सबसे बड़ी विशेषता बताया।
उन्होंने कहा कि हमें उनके जीवन-आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए। अपने संदेश में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय जी ने कहा कि आज राष्ट्र को स्वामी विवेकानंद जैसे संकल्पवान, प्रतिभावान और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पित कर्मठ युवाओं की जरूरत है।
