परम वंदनीया माताजी एवं अखंड दीप जन्म शताब्दी समारोह की तैयारियों ने पकड़ी गति, विभिन्न विभागों में निर्माण एवं श्रमदान जारी
हरिद्वार। परम वंदनीया माताजी एवं अखंड दीप जन्म शताब्दी समारोह के भव्य आयोजन को लेकर देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियाँ निरंतर गति पकड़ रही हैं। आगामी 21 एवं 22 नवंबर को होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने के लिए विभिन्न विभागों की टीमें पूरी तत्परता एवं समर्पण के साथ जुटी हुई हैं।
समारोह में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, भोजन, विद्युत, स्वच्छता एवं आवागमन संबंधी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। जलकल विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, वहीं भोजनालय परिसर को तैयार करने में कार्यकर्ता जुटे हैं। विद्युत विभाग द्वारा प्रकाश व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा स्वच्छता विभाग द्वारा परिसर की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्था के कार्य किए जा रहे हैं।
वहीं पीपीडी विभाग द्वारा पूरे परिसर में आकर्षक बैनर, पोस्टर एवं ध्वज लगाए जा रहे हैं, जिससे आयोजन स्थल को जन्म शताब्दी समारोह के अनुरूप विशेष स्वरूप दिया जा रहा है। परम वंदनीया माताजी के जीवन, साधना एवं प्रेरणादायी प्रसंगों पर आधारित प्रदर्शनी की तैयारियाँ भी प्रारंभ हो गई हैं। इसके लिए निर्धारित प्रदर्शनी स्थल की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्था का कार्य किया जा रहा है।
आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। शांतिकुंज एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कार्यकर्ता, विद्यार्थी तथा गायत्री परिवार के परिजन पूरे उत्साह, उमंग एवं सेवा भाव से श्रमदान करते हुए आयोजन को भव्य स्वरूप देने में जुटे हैं।

