शांतिकुंज में संचालित बाल संस्कारशाला द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में संचालित बाल संस्कारशाला द्वारा 8 मई 2026 की संध्यावेला में भव्य सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नौनिहालों ने अपनी मनमोहक एवं संस्कारप्रधान प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शांतिकुंज महिला मंडल प्रमुख आदरणीया श्रीमती शेफाली पंड्या द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर आदरणीय व्यवस्थापक श्री योगेंद्र गिरी जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बाल संस्कारशाला के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मातृ वंदना, एक्शन सॉन्ग, गरबा नृत्य एवं योगासन की आकर्षक एवं लयबद्ध प्रस्तुतियाँ दीं। नौनिहालों की प्रतिभा, अनुशासन एवं आत्मविश्वास ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि समाज की भावी दिशा इस बात पर निर्भर करती है कि बच्चों में किस प्रकार के संस्कार, प्रतिभा एवं नैतिक मूल्यों का विकास किया जाता है। अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक परम पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीया माता जी द्वारा प्रारंभ किए गए बाल संस्कारशाला अभियान का उद्देश्य श्रेष्ठ मानव निर्माण एवं बच्चों में उच्च मानवीय मूल्यों का विकास करना है।
कार्यक्रम के अंत में आदरणीया शेफाली पंड्या दीदी, आदरणीय योगेंद्र गिरी जी एवं महिला मंडल की वरिष्ठ बहनों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
