शताब्दी वर्ष विशेष : उत्तर अमेरिका प्रवास के अंतर्गत एडमोंटन पहुँचे परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी
एडमोंटन, अल्बर्टा (कनाडा)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के क्रम में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी पश्चिमी कनाडा के अपने दौरे के अगले चरण में अल्बर्टा प्रांत के एडमोंटन नगर पहुँचे। उनके आगमन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं परिजनों ने एयरपोर्ट पर आत्मीय स्वागत कर अपनी श्रद्धा एवं उत्साह व्यक्त किया।
एडमोंटन प्रवास के दौरान आयोजित एक विशेष गोष्ठी में परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं परिजनों को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने जन्म शताब्दी वर्ष के उद्देश्यों, युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों तथा युग निर्माण आंदोलन की भावी दिशा पर प्रकाश डालते हुए सभी को मिशन के रचनात्मक अभियानों से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी वर्ष आत्मपरिष्कार, समाज निर्माण एवं सांस्कृतिक जागरण का एक महत्त्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक परिजन यदि गुरुसत्ता के आदर्शों को अपने जीवन में उतारते हुए सेवा, साधना और स्वाध्याय को अपनाए, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन की एक नई लहर उत्पन्न की जा सकती है।
गोष्ठी में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आदरणीय डॉ. पंड्या जी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन को भावपूर्वक ग्रहण किया तथा गुरुदेव के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने और मिशन की गतिविधियों को गति प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, उत्साह एवं संगठनात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।

