शताब्दी वर्ष विशेष : अल्बर्टा की संसद ने परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी को किया सम्मानित
एडमोंटन, अल्बर्टा (कनाडा)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के दौरान परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी को कनाडा के पश्चिमी प्रांत अल्बर्टा में विशेष सम्मान से नवाज़ा गया। उनके सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक योगदानों को सम्मानित करते हुए अल्बर्टा की संसद द्वारा उन्हें विशेष प्रशस्ति प्रदान की गई।
इस अवसर पर अल्बर्टा प्रांत की प्रीमियर (मुख्यमंत्री) डेनियल स्मिथ की ओर से परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी के नाम एक प्रशस्ति पत्र जारी किया गया, जिसमें समाज के नैतिक, सांस्कृतिक एवं मानवीय उत्थान के लिए उनके उल्लेखनीय योगदानों की सराहना की गई। प्रशस्ति पत्र में मानव मूल्यों के संवर्धन, शिक्षा, युवा जागरण एवं वैश्विक स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने इस सम्मान को युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी की प्रेरणाओं, गुरुसत्ता के आशीर्वाद तथा विश्वभर में सक्रिय गायत्री परिवार के लाखों परिजनों के सामूहिक पुरुषार्थ का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मानवता की सेवा, सांस्कृतिक जागरण और वैश्विक सद्भावना के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करता है।
यह सम्मान न केवल परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी के व्यक्तित्व एवं कार्यों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता का प्रतीक है, बल्कि युग निर्माण आंदोलन एवं भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव का भी गौरवपूर्ण परिचायक है। इस उपलब्धि से उत्तर अमेरिका सहित विश्वभर के गायत्री परिवार परिजनों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।

