धरती माँ को ओढ़ाई हरी चादर | विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण अभियान
जमालपुर, 5 जून 2026।
विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जमालपुर द्वारा महिला मंडल के सहयोग से काली पहाड़ी, छठ पूजा घाट (नहर परिसर) में एक विशाल वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान में कुल 101 पौधों का रोपण किया गया।इस अवसर पर आम, कटहल, जामुन, नीम, बरगद, पीपल, अशोक, लीची सहित विभिन्न छायादार, फलदार एवं औषधीय वृक्षों के पौधे लगाए गए। इन पौधों का चयन पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता संरक्षण तथा स्थानीय लोगों को दीर्घकालीन लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी परिजनों ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन मानवता के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य हेतु एक आवश्यक जन आंदोलन है।
इस अभियान में गायत्री शक्तिपीठ जमालपुर के ट्रस्टी श्री दीनबंधु जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही जिला युवा समन्वयक डॉ. सुदर्शन जी, जिला युवा उपसमन्वयक प्रशांत कुमार, हेमंत कुमार, विवेक कुमार, शशि कुमार तथा प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के अनेक कर्मठ कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
महिला मंडल की ओर से मंडल प्रमुख श्रीमती अनीता भारती जी, श्रीमती सुलेखा देवी, श्रीमती सविता ठाकुर, श्रीमती बिंदुता देवी, श्रीमती रूपा रानी एवं अन्य बहनों ने भी पूरे उत्साह के साथ वृक्षारोपण कार्य में सहयोग प्रदान किया। इसके साथ ही निशुल्क शिक्षण संस्थान के बच्चों की विशेष भूमिका रही जिसमें अंकुश राज, गोलू कुमार,सन्नी राज, अभिषेक, सपना कुमारी,कशिश कुमारी,रियांशी,देवांशी ने अपना योगदान दिया |
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी युवाओं एवं परिजनों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने और अधिकाधिक लोगों को वृक्षारोपण हेतु प्रेरित करने का भी प्रण लिया।
प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ जमालपुर ने संदेश दिया कि—"एक वृक्ष केवल पौधा नहीं, बल्कि शुद्ध वायु, स्वच्छ जल, स्वस्थ जीवन और सुरक्षित भविष्य का आधार है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो धरती को पुनः हरा-भरा और जीवनदायी बनाया जा सकता है।"विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ तथा स्थानीय नागरिकों के लिए जागरूकता और सहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

