शताब्दी वर्ष विशेष : कैलगरी पहुँचे परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, परिजनों को मिला प्रेरणादायी मार्गदर्शन
कैलगरी, अल्बर्टा (कनाडा)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के क्रम में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी अल्बर्टा प्रांत के कैलगरी नगर पहुँचे। अल्बर्टा प्रवास के दूसरे दिन उनके आगमन पर स्थानीय परिजनों एवं कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत कर अपनी श्रद्धा एवं उत्साह व्यक्त किया।
प्रवास के दौरान परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने स्थानीय परिजनों से भेंट कर उनकी गतिविधियों एवं प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात आयोजित एक विशेष गोष्ठी में उन्होंने उपस्थित परिजनों को जन्म शताब्दी वर्ष के उद्देश्यों, युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों तथा मिशन की भावी दिशा के संबंध में प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी वर्ष केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि आत्मपरिष्कार, समाज निर्माण और विचार क्रांति के संकल्पों को जीवन में उतारने का अभियान है। उन्होंने सभी परिजनों से गुरुसत्ता के संदेश को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने तथा सेवा, साधना एवं स्वाध्याय के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
गोष्ठी में उपस्थित परिजनों ने आदरणीय डॉ. पंड्या जी के मार्गदर्शन को भावपूर्वक ग्रहण किया तथा मिशन की गतिविधियों को और अधिक गति देने एवं जन्म शताब्दी वर्ष के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, उत्साह एवं संगठनात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।

