अल्बर्टा की संसद में पहुँचे परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, भारत–कनाडा संबंधों पर हुई सार्थक चर्चा
एडमोंटन, अल्बर्टा (कनाडा)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के क्रम में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने अल्बर्टा प्रांत की संसद का दौरा किया। इस अवसर पर संसद के अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें संसद परिसर का भ्रमण कराया तथा प्रांत की प्रशासनिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से अवगत कराया।
भ्रमण के दौरान परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी एवं संसद अधिकारियों के मध्य भारत और कनाडा के मध्य सांस्कृतिक, सामाजिक एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के विषय में सार्थक चर्चा हुई। संवाद के दौरान भारतीय संस्कृति, वैश्विक सद्भावना, शिक्षा एवं समाजोत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी के सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक योगदानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त हो रही है। हाल ही में कनाडा के अल्बर्टा एवं ओंटारियो प्रांतों की सरकारों द्वारा उन्हें आधिकारिक रूप से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मानवता के उत्थान, सांस्कृतिक जागरण तथा वैश्विक स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन के लिए किए जा रहे उनके सतत प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति का प्रतीक है।
यह अवसर भारतीय संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों के वैश्विक प्रसार की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने भविष्य में भी ऐसे संवाद एवं सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

