शताब्दी वर्ष विशेष : लॉस एंजेलिस में “जन्म शताब्दी वर्ष” विषय पर परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी का प्रेरक उद्बोधन
लॉस एंजेलिस, कैलिफोर्निया (अमेरिका)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के अंतिम चरण में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी लॉस एंजेलिस स्थित स्थानीय परफॉर्मिंग आर्ट्स सेंटर पहुँचे। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिजनों, श्रद्धालुओं एवं भारतीय समुदाय के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने “जन्म शताब्दी वर्ष” विषय पर प्रेरणादायी उद्बोधन प्रदान किया। उन्होंने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के जीवन, विचारों एवं उनके द्वारा आरंभ किए गए युग परिवर्तन के अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जन्म शताब्दी वर्ष केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आत्मपरिष्कार, विचार क्रांति और समाज निर्माण के संकल्पों को जन-जन तक पहुँचाने का एक वैश्विक अभियान है।
अपने संबोधन में उन्होंने सभी परिजनों से आग्रह किया कि वे गुरुसत्ता के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा सेवा, साधना और स्वाध्याय के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों का समाधान मानवीय मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक दृष्टिकोण के माध्यम से ही संभव है।
इस अवसर पर श्री नितेश पटेल जी (मेयर, सिटी ऑफ़ ला पाल्मा) भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय संस्कृति, गायत्री परिवार के सेवा कार्यों एवं वैश्विक स्तर पर संचालित मानवीय अभियानों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। उपस्थित परिजनों ने जन्म शताब्दी वर्ष के संदेश को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने तथा युग निर्माण के संकल्पों को जीवन में उतारने का संकल्प व्यक्त किया।

