शताब्दी वर्ष विशेष : लॉस एंजेलिस में ‘सोना प्रोजेक्ट’ का भूमिपूजन, परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने प्रदान किया मार्गदर्शन
लॉस एंजेलिस, कैलिफोर्निया (अमेरिका)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के दौरान परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी एवं शांतिकुंज की टोली ने लॉस एंजेलिस में प्रस्तावित ‘सोना प्रोजेक्ट’ के भूमिपूजन समारोह में सहभागिता की। यह अवसर स्थानीय परिजनों के लिए अत्यंत हर्ष, उत्साह एवं प्रेरणा का केंद्र रहा।
भूमिपूजन कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने प्रकल्प की सफलता एवं उसके माध्यम से समाज में संस्कार, साधना एवं सेवा के विस्तार हेतु शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय परिजनों ने प्रस्तावित केंद्र की रूपरेखा, विकास योजनाओं एवं अब तक की प्रगति से संबंधित विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने आने वाले केंद्र की झलकियों एवं प्रगति रिपोर्ट को साझा करते हुए परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी से मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रस्तुत योजनाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने केंद्र को आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक जागरण एवं समाज निर्माण की गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए।
अपने उद्बोधन में परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने कहा कि ऐसे केंद्र केवल भवन नहीं होते, बल्कि वे मानवीय मूल्यों, संस्कारों और युग परिवर्तन के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने सभी परिजनों से समर्पण, सहयोग एवं संगठनात्मक भावना के साथ इस प्रकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी परिजनों ने इस महत्वपूर्ण पहल के प्रति अपना उत्साह व्यक्त करते हुए केंद्र के विकास एवं मिशन की गतिविधियों के विस्तार हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। सम्पूर्ण वातावरण श्रद्धा, उत्साह एवं भविष्य के उज्ज्वल संकल्पों से ओतप्रोत रहा।

