शताब्दी वर्ष विशेष : गायत्री चेतना केंद्र, लॉस एंजेलिस पहुँचे परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी, विभिन्न राज्यों से आए परिजनों से की आत्मीय भेंट
लॉस एंजेलिस, कैलिफोर्निया (अमेरिका)। जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे उत्तर अमेरिका प्रवास के क्रम में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी गायत्री चेतना केंद्र, लॉस एंजेलिस पहुँचे। उनके आगमन पर स्थानीय परिजनों एवं कार्यकर्ताओं ने अत्यंत श्रद्धा एवं आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने केंद्र स्थित गायत्री माता मंदिर में दर्शन-प्रणाम कर गुरुसत्ता के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। तत्पश्चात उन्होंने अमेरिका के विभिन्न क्षेत्रों से आए परिजनों से भेंट की। इस विशेष अवसर पर बे एरिया, सैन डिएगो, टेक्सस, फीनिक्स एवं लॉस एंजेलिस से आए अनेक परिजनों एवं कार्यकर्ताओं ने उनसे मिलकर मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
भेंटवार्ता के दौरान परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी ने जन्म शताब्दी वर्ष के उद्देश्यों, युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के विचारों तथा मिशन की भावी योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने परिजनों से सेवा, साधना एवं स्वाध्याय के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा भारतीय संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विदेशों में बसे भारतीय परिवारों के माध्यम से गुरुसत्ता के विचारों को वैश्विक स्तर पर पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध है। संगठनात्मक एकता, संस्कारों के संरक्षण एवं युवा पीढ़ी को भारतीय जीवन मूल्यों से जोड़ने के प्रयासों को उन्होंने समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, आत्मीयता एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। उपस्थित परिजनों ने परम आदरणीय डॉ. पंड्या जी के मार्गदर्शन से प्रेरणा प्राप्त करते हुए जन्म शताब्दी वर्ष के संदेश को अधिकाधिक लोगों तक पहुँचाने एवं मिशन की गतिविधियों को नई गति देने का संकल्प लिया।

