देव संस्कृति विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में 15 जून को “गंगोत्री से गंगासागर” थीम पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वास्थ्य, संतुलन एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जनजागरण का संदेश देना था।
इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने अपने लंदन प्रवास के दौरान ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए सभी प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ दीं।* उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शांतिकुंज व्यवस्थापक आदरणीय योगेंद्र गिरी जी उपस्थित रहे। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव आदरणीय बलदाऊ देवांगन जी, योग विभाग के संकायाध्यक्ष आदरणीय सुरेश बरनवाल जी, विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, शांतिकुंज के सम्माननीय वरिष्ठ कार्यकर्ता, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास कराए गए। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन योग के सार्वभौमिक संदेश एवं “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की भावना के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी जनों ने योग को जन-जन तक पहुँचाने और नियमित रूप से अपने जीवन में अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।

