देव संस्कृति विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा अमृता ने जबलपुर में कराया योग प्रोटोकॉल, राष्ट्रपति की उपस्थिति बनी गौरव का विषय
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देव संस्कृति विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा अमृता ने जबलपुर में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में योग प्रोटोकॉल का सफल संचालन कर विश्वविद्यालय परिवार का गौरव बढ़ाया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने योगाभ्यास किया। देशभर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया तथा विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अमृता द्वारा राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में योग प्रोटोकॉल का संचालन किया जाना देव संस्कृति विश्वविद्यालय के लिए गर्व एवं सम्मान का विषय है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की उस शिक्षा एवं संस्कार परंपरा को भी रेखांकित करती है, जिसके माध्यम से छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं।
इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने अमृता को शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राएँ देश और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं, जो समस्त विश्वविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणा का विषय है।
विश्वविद्यालय परिवार ने अमृता की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

