देव संस्कृति विश्वविद्यालय पहुंचे केंद्रीय मंत्री श्री वीरेंद्र कुमार जी
देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में आज सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री माननीय श्री वीरेंद्र कुमार जी का आगमन हुआ। उनके विश्वविद्यालय पहुंचने पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने आत्मीय एवं भावपूर्ण स्वागत किया।
इस अवसर पर आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने माननीय मंत्री जी को विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया तथा विश्वविद्यालय में संचालित शिक्षा, संस्कार, शोध एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। मंत्री जी ने विश्वविद्यालय के दिव्य एवं प्रेरणादायी वातावरण की सराहना करते हुए यहां संचालित नवाचारों एवं सामाजिक जागरण के प्रयासों की प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 26 जून को आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी की अध्यक्षता में देव संस्कृति विश्वविद्यालय में "नशा मुक्त भारत अभियान" के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

