गायत्री-तीर्थ, शांतिकुंज से निकली नशामुक्ति जनजागरण रैली, विश्व नशा निषेध दिवस पर भारत सरकार के राष्ट्रीय कार्यक्रम का हुआ शुभारम्भ
हरिद्वार। विश्व नशा निषेध दिवस के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में आज 26 जून 2026 को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज के मृत्युंजय सभागार में “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत एक विशाल जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह भारत सरकार का प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रम था, जिसके अंतर्गत केंद्रीय स्तर की विभिन्न गतिविधियों का संचालन देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ गायत्री तीर्थ शांतिकुंज से एक विशाल नशामुक्ति जनजागरण रैली के साथ हुआ। रैली को भारत सरकार के माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री वीरेंद्र कुमार जी, अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी तथा उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री श्री धन सिंह रावत जी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शांतिकुंज से प्रारंभ हुई यह जनजागरण रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय पहुँची। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में नशामुक्ति के संदेश लिखी तख्तियाँ और जनजागरूकता संबंधी नारों के माध्यम से प्रतिभागियों ने समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
रैली का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना, समाज में जनचेतना का विस्तार करना तथा “नशा मुक्त भारत” के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुँचाना था। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारित भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।
उल्लेखनीय है कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित यह राष्ट्रीय कार्यक्रम भारत सरकार एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के संयुक्त प्रयासों का एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसका उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में व्यापक जनआंदोलन को गति प्रदान करना है।

