देव संस्कृति विश्वविद्यालय में भारत सरकार का राष्ट्रीय “नशा मुक्त भारत सप्ताह” कार्यक्रम संपन्न, व्यसनमुक्त भारत का लिया गया संकल्प
विश्व नशा निषेध दिवस के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में 26 जून 2026 को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज के मृत्युंजय सभागार में “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत एक विशाल जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह भारत सरकार का प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रम था, जिसके अंतर्गत केंद्रीय स्तर की विभिन्न गतिविधियों का संचालन देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर से किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “आज आवश्यकता केवल नशामुक्त भारत की नहीं, बल्कि व्यसनमुक्त चेतना के निर्माण की है। जब युवा वर्ग अपनी ऊर्जा को व्यसन से हटाकर सृजन, सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में लगाएगा, तभी एक स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव होगा।” उन्होंने नशामुक्ति को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया।
कार्यक्रम में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री माननीय श्री वीरेंद्र कुमार जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज ने अपने प्रेरक उद्बोधन में आध्यात्मिकता को व्यसनमुक्त जीवन का सशक्त आधार बताया।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के सहकारिता मंत्री श्री धन सिंह रावत, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री श्री खजान दास तथा आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विनय रोहिल्ला ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। सभी वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में देशभर से आए शिक्षाविदों, चिकित्सकों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवा प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की तथा “नशा मुक्त भारत” के संकल्प को साकार करने का सामूहिक प्रण लिया।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री संदीप राठौर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, संस्थाओं एवं प्रतिभागियों के

