केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी जी से शिष्टाचार भेंट एवं जन्मशताब्दी वर्ष का विशेष आमंत्रण
|| नई दिल्ली ||
नई दिल्ली में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति, आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने भारत सरकार के केंद्रीय संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री, डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी जी से आत्मीय शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर आयोजन के दल नायक आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने उन्हें अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित जन्मशताब्दी वर्ष के आगामी कार्यक्रमों में सादर पधारने का आमंत्रण दिया।
भेंट के दौरान संचार एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी के माध्यम से मूल्य आधारित शिक्षा, युवा जागरण, भारतीय संस्कृति के प्रसार तथा समाजोत्थान के विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। डॉ. पंड्या जी ने देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा शिक्षा, संस्कार, नारी जागरण, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में संचालित विभिन्न रचनात्मक अभियानों की जानकारी भी साझा की।
डॉ. चंद्र शेखर पेम्मासानी जी ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रौद्योगिकी और संचार माध्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों की सराहना की तथा जन्मशताब्दी वर्ष के आयोजनों के लिए अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
