दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा पर्व 2026 का शुभारंभ मंगलवार प्रातः अखंड जप के साथ श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में हुआ।
हरिद्वार, 28 जुलाई 2026।
प्रातःकालीन सत्र में शांतिकुंज के मुख्य सभागार में उपस्थित हजारों श्रद्धालु परिजनों को संबोधित करते हुए शांतिकुंज महिला मंडल प्रमुख आदरणीया श्रीमती शेफाली पंड्या दीदी ने कहा कि परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी जैसे सदगुरु की प्राप्ति गायत्री परिवार का परम सौभाग्य है।
आदरणीया दीदी ने कहा कि पूज्य गुरुदेव एवं वंदनीया माताजी का स्नेह, ममत्व, मार्गदर्शन तथा सतत आशीर्वाद हम सभी को निरंतर प्राप्त होता रहा है। उनकी कृपा, अनुदान एवं संरक्षण के ही साक्षी हम सभी आज गुरु पूर्णिमा पर्व के इस पावन अवसर पर एकत्र होकर गुरुसत्ता के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता अर्पित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पूज्य गुरुदेव ने "मानव में देवत्व के उदय एवं धरती पर स्वर्ग के अवतरण" का जो दिव्य स्वप्न देखा था, उसे साकार करने में हमसे किसी प्रकार की शिथिलता, प्रमाद अथवा आलस्य न हो। यही संकल्प और समर्पित पुरुषार्थ गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने गुरु के चरणों में हमारी सच्ची पुष्पांजलि होगी।
विशिष्ट उद्बोधन सत्र के अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक आदरणीय श्री योगेन्द्र गिरी जी सहित मिशन के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं हजारों श्रद्धालु परिजन उपस्थित रहे। सम्पूर्ण वातावरण गुरु भक्ति, साधना एवं आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत रहा।
