गुरु पूर्णिमा पर्व पर देव संस्कृति दिग्दर्शन प्रदर्शनी के नवीन स्वरूप का उद्घाटन
हरिद्वार, 28 जुलाई 2026। गायत्री तीर्थ शांतिकुंज का समूचा वातावरण गुरु पूर्णिमा पर्व के आध्यात्मिक उत्साह एवं उल्लास से अनुप्राणित है। दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा पर्व के प्रथम दिवस शांतिकुंज महिला मंडल की अध्यक्षा आदरणीया श्रीमती शेफाली पंड्या दीदी ने देव संस्कृति दिग्दर्शन प्रदर्शनी के नवीन स्वरूप का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आदरणीया दीदी ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उसके नवीन प्रस्तुतीकरण की सराहना की। उल्लेखनीय है कि देव संस्कृति दिग्दर्शन प्रदर्शनी परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के जीवन-दर्शन, उनके युगदृष्टा चिंतन तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार की विकास यात्रा, रचनात्मक गतिविधियों एवं विविध उपलब्धियों का संक्षिप्त, सजीव एवं प्रेरणाप्रद परिचय प्रस्तुत करती है।
प्रदर्शनी के नवीन कलेवर के उद्घाटन अवसर पर शांतिकुंज व्यवस्थापक आदरणीय श्री योगेन्द्र गिरी जी, प्रदर्शनी विभाग के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में उपस्थित परिजनों ने सहभागिता की। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदर्शनी का यह नवीन स्वरूप देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं जिज्ञासुओं को युगऋषि के जीवन-संदेश तथा गायत्री परिवार के बहुआयामी रचनात्मक अभियानों से और अधिक प्रभावी ढंग से परिचित कराएगा।
