गुरु पूर्णिमा पर्व पर न्यू जर्सी में परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी का प्रेरक संदेश—गुरुसत्ता के प्रति समर्पण एवं आत्मपरिष्कार का आह्वान
गायत्री चेतना केंद्र, न्यू जर्सी, अमेरिका।
गुरु पूर्णिमा पर्व के उपलक्ष्य में गायत्री चेतना केंद्र, न्यू जर्सी में आयोजित विशेष दीप महायज्ञ के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने उपस्थित गायत्री परिजनों को प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपने उद्बोधन में आदरणीय डॉ. पण्ड्या जी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल श्रद्धा और आस्था का पर्व नहीं, बल्कि आत्मचेतना के जागरण, गुरुकृपा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा विश्व में देवत्व के विस्तार का संकल्प लेने का पावन अवसर है। उन्होंने सभी परिजनों से गुरुसत्ता के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने और अपने आचरण से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरित किया कि वे अपनी श्रद्धा को केवल भावनाओं तक सीमित न रखें, बल्कि साधना, स्वाध्याय, संयम और सेवा के माध्यम से उसे जीवन में साकार करें। यही सच्ची गुरु भक्ति है और यही युगधर्म के निर्वहन का श्रेष्ठ मार्ग है।
कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। दीप महायज्ञ एवं प्रेरक मार्गदर्शन ने उपस्थित सभी परिजनों को गुरुसत्ता के आदर्शों के अनुरूप जीवन जीने तथा युगनिर्माण के महान अभियान में सक्रिय योगदान देने की नई प्रेरणा प्रदान की।
