अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा गुरुपूर्णिमा पर ‘महाशक्ति की लोकयात्रा’ कार्यक्रम संपन्न
मुंबई (बोरीवली)।
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा गुरुपूर्णिमा पर्व के अवसर पर ‘महाशक्ति की लोकयात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन प्रबोधनकर ठाकरे सभागार, बोरीवली में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शांतिकुंज, हरिद्वार के महिला मंडल की अध्यक्षा आदरणीय शैफाली पंड्या दीदी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर परम वंदनीया भगवती देवी शर्मा (माताजी) के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात प्रज्ञा गीत एवं भजनों की संगीतमय प्रस्तुति हुई। गायत्री परिवार के बच्चों ने नशा मुक्ति एवं व्यसन उन्मूलन विषय पर प्रभावशाली लघु नाटक प्रस्तुत किया, वहीं बाल संस्कारशाला के बच्चों ने गुरु वंदना की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत आदरणीय शैफाली पंड्या दीदी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि गुरुपूर्णिमा आत्मचिंतन, आत्मानुशासन, आत्मविश्लेषण, श्रद्धा के अभिवर्धन और ज्ञान के पूजन का पावन पर्व है। व्यास पूर्णिमा के इस दिव्य अवसर पर हमें ऐसे महापुरुषों को गुरु रूप में स्वीकार करना चाहिए, जिन्होंने अपनी तपश्चर्या, साधना और त्यागमय जीवन से मानवता के लिए आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा कि गुरु जीवन को सही दिशा देने वाले प्रकाश-स्तंभ हैं और उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची गुरु-पूजा है।
उन्होंने आगे कहा कि परम वंदनीया माताजी ने लगभग चार दशक पूर्व नारी जागरण आंदोलन का शुभारंभ किया था। उसी प्रेरणा से अखिल विश्व गायत्री परिवार इस वर्ष को ‘नारी सशक्तिकरण वर्ष’ के रूप में मना रहा है। इसके अंतर्गत देश-विदेश में विभिन्न जनजागरण एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ता, परिजन एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
