न्यू जर्सी में श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने दिया युगनिर्माण का संदेश
गायत्री चेतना केंद्र, न्यू जर्सी, अमेरिका।
गायत्री चेतना केंद्र, न्यू जर्सी में 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। नॉर्थ अमेरिका के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं एवं गायत्री परिजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए यज्ञीय चेतना के माध्यम से विश्वशांति, मानव कल्याण एवं सकारात्मक परिवर्तन का सामूहिक संकल्प लिया।
इस पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि गुरुसत्ता का स्नेह, संरक्षण और दिव्य अनुकंपा सदैव हम सभी पर बनी हुई है। उन्होंने सभी परिजनों का आह्वान किया कि गुरुकृपा के इस प्रेम को केवल भावनाओं तक सीमित न रखें, बल्कि अपनी श्रद्धा को ऐसे रचनात्मक कर्मों में रूपांतरित करें, जो समाज, राष्ट्र और समूचे विश्व के कल्याण का माध्यम बन सकें।
आदरणीय डॉ. पण्ड्या जी ने आगे कहा कि परम पूज्य गुरुदेव के जन्मशताब्दी वर्ष का यह ऐतिहासिक अवसर प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए एक महत्त्वपूर्ण उत्तरदायित्व लेकर आया है। उन्होंने सभी से गुरुदेव एवं वंदनीया माताजी के विचारों, वैज्ञानिक अध्यात्मवाद तथा युगनिर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने और मिशन की रचनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान करने का आह्वान किया।
श्रद्धा, साधना और सेवा के भाव से सम्पन्न यह दिव्य आयोजन उपस्थित सभी परिजनों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, संगठनात्मक एकता एवं युगधर्म के प्रति नवसंकल्प का प्रेरणादायी केंद्र बना।
