जन्मशताब्दी वर्ष को न्यू जर्सी राज्य एवं पिस्काटावे टाउनशिप द्वारा आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई
|| गायत्री चेतना केंद्र, न्यू जर्सी (अमेरिका) ||
परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी की गरिमामयी उपस्थिति में वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर न्यू जर्सी में ऐतिहासिक सम्मान प्रदान किए गए।
इस पावन अवसर पर स्टेट ऑफ न्यू जर्सी की ओर से सीनेट एवं जनरल असेंबली द्वारा Joint Legislative Resolution पारित कर वंदनीया माताजी के जन्मशताब्दी वर्ष को आधिकारिक रूप से मान्यता प्रदान की गई। प्रस्ताव में वंदनीया माताजी के आध्यात्मिक जागरण, नारी सशक्तिकरण, मानवीय सेवा, नैतिक मूल्यों के संवर्धन तथा अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा विश्वभर में किए जा रहे रचनात्मक कार्यों की विशेष सराहना की गई।
इसी क्रम में पिस्काटावे (Piscataway) टाउनशिप के मेयर ब्रायन सी. वाहलर ने भी एक विशेष प्रशस्ति-पत्र (Proclamation) प्रदान करते हुए वंदनीया माताजी के जन्मशताब्दी वर्ष का अभिनंदन किया। प्रशस्ति-पत्र में वंदनीया माताजी के प्रेरणादायी जीवन, नारी जागरण, सेवा, शिक्षा एवं समाज निर्माण के क्षेत्रों में योगदान एवं गायत्री परिवार द्वारा समाज में स्थापित करुणा, एकता, स्वयंसेवा और जनकल्याण की मूल्य - आधारित परंपरा की प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर परम आदरणीय डॉ पंड्या जी ने कहा कि यह सम्मान युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माताजी के आदर्शों पर आधारित मानवता, संस्कृति, नैतिकता और विश्वकल्याण के लिए चलाए जा रहे सतत अभियान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक है।
