251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में गूंजा ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ का संदेश, श्री मनसुख मांडविया जी का विशेष संबोधन प्रसारित
न्यू जर्सी, अमेरिका।
गायत्री चेतना केंद्र, न्यू जर्सी (अमेरिका) में आयोजित 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के पावन अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री श्री मनसुख मांडविया जी का विशेष संदेश उपस्थित श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों एवं युवाओं के मध्य प्रसारित किया गया।
इस संदेश में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ, संस्कारित एवं राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पित जीवन अपनाने का आह्वान किया गया। यह संदेश उपस्थित सभी परिजनों एवं स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणा और संकल्प का स्रोत बना।
युगऋषि परम पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी की प्रेरणा से अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा दशकों से संचालित व्यसनमुक्ति जनजागरण अभियान तथा भारत सरकार के “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के साझा संकल्प को इस अवसर पर नई ऊर्जा एवं व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं गायत्री परिजनों ने व्यसनमुक्त, संस्कारित एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया। सभी ने एक स्वर में इस विचार को आत्मसात किया कि “व्यसनमुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।”
आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प से ओतप्रोत यह आयोजन भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जनजागरण के समन्वित स्वरूप का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।
