लंदन में डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने लॉर्ड करन बिलिमोरिया से की सौहार्दपूर्ण भेंट
लंदन, यूनाइटेड किंगडम।
अमेरिका प्रवास के सफल समापन के उपरांत अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी यूनाइटेड किंगडम की राजधानी लंदन पहुँचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने प्रख्यात ब्रिटिश-भारतीय उद्योगपति, हाउस ऑफ़ लॉर्ड्स के सदस्य तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित व्यक्तित्व लॉर्ड करन फरीदून बिलिमोरिया जी से सौहार्दपूर्ण भेंट की।
इस आत्मीय मुलाकात में डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माताजी भगवती देवी शर्मा के युगदृष्टा चिंतन, मानवीय मूल्यों तथा वैश्विक सांस्कृतिक पुनर्जागरण के लिए चलाए जा रहे अखिल विश्व गायत्री परिवार के विविध रचनात्मक अभियानों से उन्हें अवगत कराया। दोनों के मध्य समाजोत्थान, सांस्कृतिक चेतना और वैश्विक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श भी हुआ।
उल्लेखनीय है कि लॉर्ड करन फरीदून बिलिमोरिया बर्मिंघम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रह चुके हैं। भारतीय मूल के इस प्रतिष्ठित उद्योगपति को भारत एवं प्रवासी भारतीय समुदाय के बीच उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2008 में भारत सरकार द्वारा प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।
यह भेंट भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों तथा वैश्विक सद्भाव के संदेश को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
