मूल्यनिष्ठ नेतृत्व एवं वैश्विक सहयोग को लेकर डॉ. चिन्मय पंड्या ने सारा डिक्सन OBE से की शिष्टाचार भेंट
लंदन, यूनाइटेड किंगडम। यूनाइटेड किंगडम प्रवास के क्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (ब्रिटिश आइलैंड्स एवं मेडिटेरेनियन रीजन) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं क्षेत्रीय सचिव सारा डिक्सन, OBE जी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने सारा डिक्सन जी को देव संस्कृति विश्वविद्यालय की विविध शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा मूल्यपरक शिक्षा, भारतीय संस्कृति एवं वैश्विक मानवीय मूल्यों के प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
भेंट के दौरान दोनों लीडर्स के मध्य मूल्यनिष्ठ नेतृत्व, लोकसेवा तथा वैश्विक स्तर पर सहयोग एवं संवाद को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान इस बात पर भी चर्चा हुई कि मानवीय मूल्यों एवं सेवा भावना पर आधारित नेतृत्व वैश्विक समाज के समक्ष उपस्थित चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
यह शिष्टाचार भेंट भारत और यूनाइटेड किंगडम के मध्य सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर रही।
