परम वंदनीया माताजी जन्म शताब्दी समारोह के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर नोएडा में विशेष कार्यकर्ता गोष्ठी
नोएडा, उत्तर प्रदेश। परम वंदनीय माताजी के शताब्दी समारोह वर्ष 2026 के द्वितीय चरण के कार्यक्रमों की तैयारियाँ वृहत्तर दिल्ली क्षेत्र में उत्साह एवं सक्रियता के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में 9 अगस्त 2026 को गायत्री चेतना केंद्र, नोएडा में विशेष कार्यकर्ता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 250 भाई-बहनों ने सहभागिता की।
गोष्ठी को शांतिकुंज के व्यवस्थापक आदरणीय योगेंद्र गिरी जी, आदरणीय श्री वीरेंद्र तिवारी जी, श्री अजय त्रिपाठी जी एवं श्री उदय किशोर मिश्रा जी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने माताजी के शताब्दी वर्ष के व्यापक उद्देश्यों, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी भाई-बहनों ने शताब्दी समारोह को सफल बनाने के लिए अभी से प्राण-पण से जुटने का संकल्प व्यक्त किया।
गोष्ठी के उपरांत परम वंदनीय माताजी के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में भव्य ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। विधिवत कलश पूजन एवं दीप पूजन के पश्चात यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इससे पूर्व 5 अगस्त 2026 को भी एक ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया जा चुका है। दोनों ज्योति कलश यात्राएँ अपने-अपने निर्धारित मार्गों पर उत्साह एवं श्रद्धा के साथ आगे बढ़ रही हैं।
इन ज्योति कलश यात्राओं के माध्यम से वृहत्तर दिल्ली क्षेत्र में परम वंदनीय माताजी के शताब्दी वर्ष का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की जा रही है। यात्राओं से प्राप्त हो रही उत्साहवर्धक प्रतिक्रियाएँ शताब्दी समारोह के प्रति जनभागीदारी एवं व्यापक जागरण का संकेत दे रही हैं।
उल्लेखनीय है कि शताब्दी समारोह वर्ष 2026 के द्वितीय चरण का मुख्य कार्यक्रम 31 अक्टूबर तथा 1 एवं 2 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने जा रहा है। इस आयोजन को सफल एवं व्यापक बनाने के लिए वृहत्तर दिल्ली क्षेत्र में कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न स्तरों पर तैयारियाँ निरंतर की जा रही हैं।
