लंदन में डॉ. चिन्मय पंड्या ने सुश्री एलेन फू से की आत्मीय भेंट
लंदन, यूनाइटेड किंगडम। अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने अपने यूके प्रवास के क्रम में अंतरराष्ट्रीय वित्त एवं उद्यमिता क्षेत्र की प्रतिष्ठित विशेषज्ञ सुश्री एलेन फू जी से आत्मीय भेंट की।
इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने उन्हें देव संस्कृति विश्वविद्यालय के विजन एवं मिशन से परिचित कराया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, संस्कृति, मानवीय मूल्यों एवं समग्र व्यक्तित्व निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी साझा करते हुए सुश्री एलेन फू जी को देव संस्कृति विश्वविद्यालय पधारने हेतु सादर आमंत्रित किया।
सुश्री एलेन फू जी अंतरराष्ट्रीय वित्त एवं उद्यमिता के क्षेत्र में प्रतिष्ठित नाम हैं। उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। यूरोप, अमेरिका एवं एशिया में वेल्थ मैनेजमेंट के क्षेत्र में दो दशकों से अधिक समय तक कार्य करते हुए उन्होंने वैश्विक वित्तीय एवं उद्यमिता जगत में महत्वपूर्ण अनुभव अर्जित किया है।
यह आत्मीय भेंट शिक्षा, वैश्विक उद्यमिता एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों के बीच संवाद और सहयोग की संभावनाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक अवसर रही।
