प्रसिद्ध उद्योगपति किशोर लुल्ला से डॉ. चिन्मय पंड्या ने की शिष्टाचार भेंट
लंदन, यूनाइटेड किंगडम। गुरुसत्ता के संदेश को प्रबुद्ध एवं प्रभावशाली वर्ग तक पहुँचाने के अनवरत प्रयासों के क्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि परम आदरणीय डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने प्रसिद्ध उद्योगपति एवं एरॉस इंटरनेशनल के संस्थापक-प्रमुख श्री किशोर लुल्ला जी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर डॉ. चिन्मय पंड्या जी ने श्री किशोर लुल्ला जी को अखिल विश्व गायत्री परिवार की आध्यात्मिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से परिचित कराया। उन्होंने अखंड दीपक तथा परम वंदनीया माताजी के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संचालित विभिन्न रचनात्मक एवं जनजागरण अभियानों की जानकारी भी साझा की।
श्री किशोर लुल्ला जी “एरॉस इंटरनेशनल” संस्थान के संस्थापक-प्रमुख के रूप में भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। मनोरंजन एवं मीडिया जगत में उनके योगदान ने भारतीय सिनेमा की पहुँच को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तार देने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
इस आत्मीय भेंट के दौरान भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना तथा रचनात्मक माध्यमों के द्वारा मानवीय मूल्यों एवं जनजागरण के संदेश को व्यापक समाज तक पहुँचाने की संभावनाओं पर भी संवाद हुआ।
